संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। फैक्टरी से घर लौट रहे युवक की बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब युवक बाइक पर सवार होकर भटगांव-लुहारी टिब्बा रोड से घर जा रहा था। सदर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
गांव भटगांव निवासी बिट्टू (26) फैक्टरी में काम करते थे। वह शनिवार देर शाम फैक्टरी से अपने घर जा रहे थे। जब वह गांव से पहले लुहारी- टिब्बा रोड पर पहुंचे तो इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। युवकों ने बिट्टू के हाथ व सिर पर दो गोलियां मारी और भाग गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत खानपुर स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रोकर बुरा हाल है। बिट्टू शादीशुदा थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी उमेश कुमार व जांच अधिकारी नरेश मलिक मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज में जाकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगालेगी।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।