फोटो :18: सोनीपत के गोहाना में ड्रेन में कूदे युवक की तलाश के दौरान लगी भीड़। पाठक
गोहाना। शराब पीने के लिए रुपये नहीं मिलने पर युवक ने ड्रेन में छलांग लगा दी। उसके भाई ने उसे बचाने की कोशिश की मगर सफल नहीं हो सका। सूचना मिलने के बाद पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। करीब 13 घंटे बाद घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर युवक का शव बरामद हुआ।
विष्णु नगर निवासी धर्मपाल अपने बेटों गोविंद, सन्नी और अजय के साथ ड्रेन नंबर-8 के पास रहते हैं। उनका 30 वर्षीय बेटा गोविंद मजदूरी करता है। वह अक्सर शराब पीता था। रविवार शाम को वह घर आया और परिवार वालों से शराब पीने के लिए रुपये मांगे।
पिता ने उसे रुपये देने से मना कर दिया। इस पर वह कहासुनी करने लगा। रात करीब आठ बजे वह गुस्से में बाहर निकला और घर के सामने ही ड्रेन में छलांग लगा दी। रविवार को ड्रेन में करीब 600 क्यूसेक पानी बह रहा था।
गोविंद को बचाने के लिए उनके भाई सन्नी ने भी ड्रेन में छलांग लगा दी। सन्नी भाई को बचा नहीं पाया। सन्नी भी डूबने लगा तो तीसरे भाई अजय ने रस्सी फेंककर उसे बाहर निकाला। मां बेबी देवी भी बेटों के साथ मौके पर पहुंच गई थीं।
पुलिस और परिजन ने रातभर गोविंद की तलाश की मगर उसका पता नहीं चला। प्रशासन ने ड्रेन में पीछे से पानी बंद करवाया और तलाश शुरू की। सोमवार सुबह नौ बजे गोविंद का शव घटनास्थल से तीन सौ मीटर दूर मिला। शहर थाना गोहाना के प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि गोविंद शराब का नशा करता था। रुपये नहीं मिलने पर उसने परिजनों से कहासुनी करने के बात छलांग लगा दी थी।
फोटो :18: सोनीपत के गोहाना में ड्रेन में कूदे युवक की तलाश के दौरान लगी भीड़। पाठक