फोटो 20- सोनीपत के नागरिक अस्पताल में शव लेने पहुंचे परिजन व ग्रामीण। संवाद
सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 स्थित नाथूपुर मोड़ पर ट्रांसफार्मर से करंट लगने से युवक की मौत हो गई। युवक के चाचा ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव नाथूपुर निवासी रणबीर सिंह ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि शनिवार रात पौने आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भतीजे रजनीश के साथ नाथूपुर मोड़ पर हादसा हो गया है। वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके भतीजे को करंट लगा है। भतीजा बोल नहीं पा रहा था। वह परिवार के साथ रजनीश को लेकर बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। जहां पर उनके भतीजे को मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि गांव नाथूपुर मोड़ के पास सड़क पर ट्रांसफार्मर के तार बिल्कुल नीचे हैं। इससे बचने के लिए कोई भी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। उनके भतीजे की जान बिजली निगम की लापरवाही से गई है। पुलिस ने उनके बयान पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।