गोहाना। हरियाणवी लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और पारंपरिक लोक नृत्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से धर्मपुत्र कला मंच, गोहाना की तरफ 7 जुलाई को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुटाना में परिसंवाद एवं कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार करेंगे। डॉ. सरिता देवी (पीजीटी संस्कृत) और मोनिका मोर (टीजीटी संस्कृत) कार्यक्रम की संयोजक रहेंगी जबकि धर्मपुत्र कला मंच, गोहाना के अध्यक्ष मनोज जाले आयोजन का नेतृत्व करेंगे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को हरियाणा के प्रमुख लोक नृत्य जैसे धमाल, फाग, लूर और खोड़िया की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विशेषताओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विशेषज्ञ कलाकार इन लोक नृत्यों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी देंगे ताकि विद्यार्थी उनकी मूल शैली और सांस्कृतिक महत्व को बेहतर ढंग से समझ सकें।
इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं से जोड़ना तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।