गोहाना। पानीपत चुंगी के पास महिला से ठगों ने आभूषण और मोबाइल ठग लिया। उनके बदले में महिला को बैग दिया, जिसे घर जाकर खोलने पर उसमें से कागज के टुकड़े निकले। महिला बेटी को पुराना बस स्टैंड के पास से दवा दिलाकर लौट रही थी।
गांव गढ़ी सराय नामदार खां निवासी सुमन ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह रविवार को अपनी 10 वर्षीय बेटी वर्षा को पुराना बस स्टैंड के पास दवा दिलाने गई थी। दवा दिलाकर पानीपत चुंगी पर पहुंची तो वहां पर एक युवक रोते हुए मिला। उन्होंने युवक से बातचीत की तो उसने बताया कि वह फैक्टरी में काम करता है। नुकसान होने पर उसे मालिक ने मारपीट कर नौकरी से निकाल दिया है। कंपनी के मैनेजर ने उसे दो लाख रुपये दिए हैं। युवक ने कहा कि उसे अब घर जाना है। रास्ते में कोई उनसे रुपये छीन न ले, इसलिए बैग आप रख लो और उसे कुछ रुपये दे दो। उसी समय एक अन्य व्यक्ति और महिला भी वहां आए। उन्होंने कहा कि हम भी इसे अपने जेवर देते हैं और आप भी दे दो। इसके बाद आधे-आधे रुपये बांट लेंगे।
महिला ने गले व कानों में पहने आभूषण और मोबाइल उसे दे दिया। वह बैग लेकर अपने घर चली गई। घर पहुंचकर बैग खोलकर देखा तो उसमें रुपयों की जगह कागज के टुकड़े मिले। तब उन्हें ठगी का पता लगा।