संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ककरोई रोड स्थित विकास नगर में बाइक सवार तीन युवकों ने गली में खड़े टेंपो को आग लगा दी। इससे टेंपो में रखे आठ फ्रिज जल गए। सीसीटीवी कैमरे की मदद से पीड़ित संजीव ने युवकों की पहचान कर ली है। पुलिस में शिकायत पर तीन युवकों को नामजद करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विकास नगर की गली नंबर-4 में रहने वाले संजीव ने पुलिस को बताया कि टेंपो में माल ढोते हैं। 26 फरवरी को उन्होंने शहर के एटलस रोड स्थित सेठी इलेक्ट्रॉनिक्स से गोहाना के लिए आठ फ्रिज लोड किए थे। रात हो जाने के चलते उन्होंने टेंपो को अपने घर के बाहर खड़ा कर दिया।
उन्होंने बताया कि रात साढ़े 12 बजे गली में पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी तो वह उठकर बाहर आए। देखा तो उनके टेंपो में रखे फ्रिज जल रहे थे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी बाहर आ गए। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन जब तक फ्रिज जल चुके थे।
उन्होंने पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें बाइक पर सवार तीन युवक दिखाई दिए। इनमें गढ़ी ब्राह्मणान गांव का रहने वाला साहिल, मालवीय नगर का रफीक और विकास नगर का हसन था। तीनों ने वारदात को रंजिश में अंजाम दिया है। पुलिस ने अभियोग दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।