गांव जठेड़ी का रहने वाला सीधा-सादा संदीप 17 साल के अंदर अपराध की दुनिया का काला जठेड़ी बन गया। जुर्म की दुनिया में कदम रखने के बाद संदीप उर्फ काला जठेड़ी अलग-अलग गैंग से हाथ मिलाकर अपनी ताकत बढ़ाता रहा। 200 से ज्यादा शूटर वाले लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ने के बाद वह अपराध जगत में आगे बढ़ता गया। पुलिस को हत्या, लूट, रंगदारी और पुलिस मुठभेड़ जैसे मामलों में उसकी तलाश थी। दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े संदीप के गुर्गों ने हरियाणा पुलिस को यह तक पता नहीं लगने दिया कि वह देश में है या विदेश भाग गया है।
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए संदीप उर्फ काला जठेड़ी की तलाश सात राज्यों की पुलिस कर रही थी। उसको गिरफ्तार करने का सबसे ज्यादा दबाव हरियाणा पुलिस पर था। यहां की पुलिस से जठेड़ी गैंग के गुर्गों ने उसको फरवरी में कोर्ट में पेशी के बाद जेल ले जाते हुए हमला कर छुड़वाया था। जठेड़ी गैंग के गुर्गों ने ही उसके विदेश भाग जाने की अफवाह भी फैला दी थी। पुलिस को आशंका थी कि वह दुबई, मलेशिया या थाईलैंड में रहकर गैंग को चला रहा है। सोनीपत पुलिस को भी उसकी कई मामलों में तलाश थी। लारेंस बिश्नोई के जेल जाने के बाद उसके गैंग की कमान राजू बसौदी संभाल रहा था। एसटीएफ द्वारा राजू बसौदी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कस्टडी से भागे काला जठेड़ी ने गैंग की कमान संभाल ली थी।
संदीप जठेड़ी का नाम सबसे पहले दिल्ली में चोरी के मामले में आया था। उसके बाद उसने गोहाना में बड़ी वारदात की थी। सोनीपत सहित हरियाणा के कारोबारियों और ठेकेदारों से वसूली का धंधा संदीप जठेड़ी के गुर्गे चला रहा थे। एक-दो बार क्षेत्र में उसकी सक्रियता की भी अफवाह उड़ी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया। खनन के धंधे से जुड़े लोगों ने कई बार राजू बसौदी व संदीप जठेड़ी गैंग के सक्रिय होने की शिकायत की थी।
ताबड़तोड़ फायरिंग कर चर्चा में आया गैंग
लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े राजू बसौदी व काला जठेड़ी ने जब भी गैंग की कमान संभाली अपराध करने का तरीका एक जैसा ही रहा। हत्या करने की घटना में जहां 15 से 30 तक गोली मारी जाती तो इसी गैंग का नाम सामने आता है।
दिल्ली-यूपी में बढ़ाई सक्रियता, हुलिया बदला
काला जठेड़ी गैंग की सक्रियता कुछ समय से दिल्ली व यूपी में बढ़ी है। दिल्ली के कारोबारियों और व्यापारियों को निशाना बनाने के साथ ही कई वारदात में जठेड़ी के गुर्गें गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस से बचने के लिए यह मेरठ-सहारनपुर क्षेत्र में छिपते थे। दिल्ली पुलिस ने काला जठेड़ी को सहारनपुर से पकड़ा है। वहीं संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने अपना हुलिया भी बदल रखा था। बाल और दाढ़ी बढ़ा लिए थे।
हरियाणा पुलिस ने घोषित कर रखा था सात लाख का इनाम
काला जठेड़ी पर हरियाणा पुलिस ने सात लाख का इनाम रखा हुआ था। पांच लाख रुपये का इनाम आईजी एसटीएफ ने घोषित किया हुआ था, जबकि दो लाख रुपया एनआईटी फरीदाबाद पुलिस ने रखा था। सोनीपत पुलिस ने भी उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कराने का प्रयास किया था, लेकिन बाद में आईजी एसटीएफ की तरफ से पांच लाख का इनाम घोषित कर दिया गया था।
संदीफ उर्फ काला जठेड़ी इन मामलों में रहा नामजद
- दिल्ली के बादली में 30 सितंबर 2004 चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ।
-दिल्ली में 19 जनवरी 2007 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
-रोहतक के सांपला में 18 जून 2009 को जानलेवा हमला व हत्या का मुकदमा।
-सोनीपत के गोहाना में 18 जनवरी 2010 को हत्या का मुकदमा
- रोहतक के सांपला में 13 मई 2010 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
-सोनीपत के राई में 26 नवंबर, 2010 को जानलेवा हमला व हत्या का मुकदमा।
- दिल्ली के रोहिणी में 2011 अवैध हथियार व धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ।
-दिल्ली-बेगमपुर, 24 फरवरी 2011 को धारा 382, 482 का मुकदमा दर्ज हुआ।
-सोनीपत के कुंडली में 22 अप्रैल 2011 को जानलेवा हमला
-कैथल में नौ मई, 2011 - धमकी देना, हमला करना
-सोनीपत के राई में 15 जुलाई, 2011 को डकैती
- सोनीपत के राई, 25 जुलाई 2011 को लूट का मुकदमा।
- रोहतक के सांपला में 13 दिसंबर 2012 को हत्या
- जींद के जुलाना में 27 फरवरी 2012 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
- दिल्ली के बेगुमपुर में नौ मार्च 2012 को लूट का मुकदमा।
- दिल्ली के नरेला में 10 मार्च 2012 को लूट, मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ।
-झज्जर के बहादुरगढ़ में 10 मार्च 2012 को जानलेवा हमला व हत्या का मुकदमा।
-झज्जर के सदर थाना में 13 जून 2012 को धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ।
- सोनीपत के सदर थाना में आठ अप्रैल 2013 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
- सांपला रोहतक में 13 नवंबर 2017 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
- रोहतक के सांपला में 28 अप्रैल 2018 को हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।