सोनीपत। गांव भैरा बांकीपुर में दिल्ली परिवहन निगम के सेवानिवृत्त परिचालक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। रोहताश चौहान (68) रात को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर पशुबाड़े में सो रहे थे। हत्या की वारदात उस समय सामने आई जब मंगलवार को सुबह वह रोज की तरह घर नहीं लौटे और पशुबाड़े में उनका शव तख्त पर पड़ा मिला।
भैरा बांकीपुर निवासी विनय ने कुंडली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि उनके पिता रोहताश चौहान सोमवार को रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद खेतों में बने पशुबाड़े में सोने चले गए थे। वह प्रतिदिन सुबह छह बजे दूध लेकर घर लौट आते थे, लेकिन मंगलवार सुबह सात बजे तक नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए।
विनय पशुबाड़े में गया तो वहां उसके पिता का शव तख्त पर पड़ा था। रोहताश का गला दबाने के स्पष्ट निशान मिले, इस पर आशंका हुई कि गला दबाकर हत्या हई है। आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। दीवार पर चढ़ने-उतरने के निशान भी मिले हैं।
सूचना पर कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे व एफएसएल टीम को भी बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस ने विनय के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नागरिक अस्पताल में फॉरेंसिक एक्सपर्ट नहीं होने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को मेडिकल कॉलेज खानपुर भेजा है।
रंजिश से परिवार का इंकार, लूट की आशंका भी कम
विनय ने बताया कि उनके परिवार की किसी से रंजिश नहीं है। जिस पशुबाड़े में हत्या हुई वहां उनके पिता अकेले सोते थे। यह स्थान आबादी से कुछ दूरी पर खेतों में है। पुलिस की शुरुआती जांच में लूट की आशंका से भी इंकार किया गया है। मृतक का मोबाइल घटनास्थल से बरामद हुआ व सामान भी सुरक्षित मिला है।
आठ साल पहले हुए थे सेवानिवृत्त
रोहताश करीब आठ वर्ष पहले डीटीसी से परिचालक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पास एक पुत्र और चार बेटियां हैं व सभी विवाहित हैं। वह शांत स्वभाव के थे। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्यारोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
घटनास्थल पर नहीं मिले तोड़-फोड़ के निशान
कमरे में किसी प्रकार की तोड़-फोड़ के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। लेकिन गले पर दबाव के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस आसपास की कॉलोनियों, दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।
गांव भैरा बांकीपुर में रोहताश की हत्या हुई है। गले पर दबाव के निशान मिले हैं लेकिन मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। हर पहलू की जांच कर रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
- सेठी मलिक, प्रभारी, थाना कुंडली
गांव भैरा बांकीपुर के रोहताश।