फोटो 16 : सोनीपत के खरखौदा में विधायक पवन को प्रस्तावित गोहाना जिले में खरखौदा उपमंडल को शामिल
खरखौदा। नए प्रस्तावित गोहाना जिले में खरखौदा उपमंडल को शामिल किए जाने के विरोध में शनिवार को खरखौदा संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने विधायक पवन से मुलाकात की। इस दौरान कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एक जनप्रतिनिधि प्रस्ताव विधायक को सौंपा। इसमें खरखौदा को गोहाना जिले में शामिल न करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने विधायक को अवगत कराया कि खरखौदा उपमंडल का सामाजिक, भौगोलिक और प्रशासनिक जुड़ाव सोनीपत जिले से है। ऐसे में गोहाना जिले में शामिल किए जाने से क्षेत्र के लोगों को अनेक प्रशासनिक और विकास से जुड़ी परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से चले आ रहे प्रशासनिक ढांचे को बदला जाना जनभावनाओं के खिलाफ होगा।
विधायक पवन खरखौदा ने संघर्ष कमेटी को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह इस लड़ाई में मजबूती से जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी हालात में खरखौदा उपमंडल को नए प्रस्तावित गोहाना जिले का हिस्सा नहीं बनने दिया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इस मुद्दे को वह न केवल सरकार के समक्ष रखेंगे, बल्कि जरूरत पड़ी तो विधानसभा सत्र में भी जोर-शोर से उठाएंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की भावना सर्वोपरि है और बिना जन सहमति के कोई भी निर्णय स्वीकार्य नहीं होगा। इस मौके पर संघर्ष कमेटी के सदस्य मास्टर राजेंद्र, विकेश, सुमेर, संदीप, जोरावर, सुमित, सत्यवान भी मौजूद रहे।