संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। दिल्ली मार्ग पर तीन मई की शाम साढ़े छह बजे हुए हादसे में कार की टक्कर से बाइक सवार सिकंदर की मौत हो गई जबकि उनके दो साथी आज्ञानंद और हेमंत घायल हो गए। गांव रामपुर-कुंडल में किराये पर रहने वाले आज्ञानंद ने खरखौदा थाने में कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आज्ञानंद ने थाने में दर्ज करवाई गई प्राथमिकी में बताया कि वह आईएमटी खरखौदा स्थित मारुति कंपनी में कार्यरत हैं। तीन मई की शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने साथियों सिकंदर और हेमंत के साथ बाइक सवार होकर खरखौदा से रामपुर की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि दिल्ली मार्ग पर पहुंचने पर एक कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गिरने के कारण सिकंदर मौके पर ही बेहोश हो गया जबकि उन्हें और हेमंत को गंभीर चोटें आईं।
आज्ञानंद ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार का टायर पंक्चर हो गया। पीछे से आ रहे उनके साथियों ने उनको दिल्ली के निजी अस्पताल पहुंचाया। सिकंदर की हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के रोहिणी स्थित डाॅ. आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।