- सैदपुर में मेडिकल स्टोर से घर लौटते समय रास्ते में रोककर किया हमला
बरात में 21 नवंबर को विवाद के बाद दोनों पक्षाें में चल रही थी रंजिश
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। बरात में हुई कहासुनी की रंजिश में सैदपुर गांव में एक युवक के सिर पर चिलम से हमला किया। इसमें युवक को आठ चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
सैदपुर निवासी निखिल ने बताया कि 21 नवंबर को वह गुरुग्राम के गांव खेड़की माजरा में बरात में गए थे। वहां उनकी संदीप के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। हालांकि साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था। इसके बाद 24 नवंबर की शाम वह मेडिकल स्टोर से शहद लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान संदीप एक घर से आग से भरी हुक्का की चिलम लेकर आया और उन्हें गली में रोक लिया। बरात में हुई कहासुनी को लेकर बातचीत के दौरान संदीप ने चिलम से उनके सिर पर कई वार कर दिए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें छुड़वाया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घायल को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अनिल ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।