सोनीपत। जिले के 11 पीएमश्री राजकीय विद्यालयों के 55 मेधावी विद्यार्थियों का दल वीरवार को बस अड्डा से साहसिक व प्राकृतिक अध्ययन शिविर के लिए मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी रवाना किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों की देखरेख के लिए तीन शिक्षकों को भी दल के साथ भेजा गया।
जिला सहायक परियोजना संयोजक डॉ. अत्तर सिंह व अमित भनवाला ने शिविर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ. अत्तर सिंह, अमित भनवाला ने बताया कि शिविर में शामिल करने के लिए विद्यार्थियों का चयन विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मेरिट के आधार पर किया गया है।
शिविर के लिए विद्यार्थियों को मनाली, राजस्थान के जैसलमेर, मध्यप्रदेश के पचमढ़ी, केरल, गोवा व दार्जिलिंग जैसी ऐतिहासिक जगहों पर भेजा जाता है। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में जिलाभर में सभी खंडों के पीएमश्री विद्यालयों से चयनित किए गए विद्यार्थी भी इस बार पांच दिवसीय शिविर हिस्सा लेंगे।
सोनीपत के बाद सभी विद्यार्थी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से शिविर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान शिक्षक प्रमोद, सुखसरिता मौजूद रहीं।
शिविर में यह गतिविधियां होंगी शामिल
शिविर में 3 से 7 अक्तूबर तक विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियां करवाई जाएंगी। इनमें रोजाना 20 से 22 किलोमीटर की ट्रैकिंग, पैरासेलिंग, रॉक क्लिंबिंग, बैलेंसिंग ब्रिज, शूटिंग व घुड़सवारी जैसी साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे बच्चों के भौगोलिक ज्ञान में वृद्धि होगी। विद्यार्थी वापस लौटने पर अपने अनुभवों को विद्यालयों में सांझा करेंगे। विद्यार्थियों के साथ जाने वाले शिक्षकों पीएमश्री विद्यालय खरखौदा से धनराम, पीएमश्री विद्यालय बड़ौली से कुमारी सोनी, पीएमश्री विद्यालय गढ़ी उजाले खां से संतोष का चयन भी विभाग ने कौशल व अनुभव के आधार पर किया है।
इन विद्यालयों के विद्यार्थियाें का हुआ चयन
साहसिक व प्राकृतिक अध्ययन शिविर के लिए जिलाभर के विभिन्न पीएमश्री राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनमें पीएमश्री राजकीय विद्यालय बेगा, राजकीय कन्या विद्यालय दातौली, राजकीय कन्या विद्यालय मुरथल, राजकीय कन्या विद्यालय मुरथल अड्डा, राजकीय विद्यालय बड़ौली, राजकीय विद्यालय कुंडली, राजकीय विद्यालय अकबरपुर बारोटा, राजकीय विद्यालय खरखौदा, राजकीय विद्यालय गढ़ी उजाले खां, राजकीय कन्या विद्यालय फरमाना, राजकीय विद्यालय छतहेरा के विद्यार्थी शामिल हैं।