सोनीपत। गांव अहमदपुर में संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। उनका शव फंदे पर लटका मिला। मामले की सूचना मिलते के बाद पहुंची पुलिस ने मौके से जरूरी नमूने एकत्रित कर शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। शादीशुदा होने के बाद भी महिला ने छह माह पहले दूसरे युवक से प्रेम विवाह किया था।
शांति विहार निवासी बिल्लू ने बताया कि उसकी बेटी पूजा (24) ने करीब छह माह पहले अहमदपुर निवासी साहिल के साथ प्रेम विवाह किया था। शुक्रवार देर शाम को उन्हें सूचना मिली के पूजा ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया है। मामले को लेकर पुलिस को अवगत करवाया। सूचना के बाद एफएसएल व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। एसआई कुलदीप ने बताया कि परिजनों के बयान पर बीएनएस की धारा-194 के तहत कार्यवाही की गई है। विसरा जांच के लिए सैंपल लिया गया है।
पूजा की साहिल के साथ दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी दिल्ली के बदरपुर के पास हुई थी। उसका तीन साल का बेटा भी है जो पूजा के पिता के पास रहता था। जानकारी मिली है कि पूजा अपने बेटे को पास में रखना चाहती थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विसरा रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।