सोनीपत। न्यू बाबा कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक के निकट मिले शव के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवक की उसके साथ सहमति संबंध में रह रही युवती ने ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या की थी। मृतक के भाई के शक जताने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को इस ब्लाइंड मर्डर से पर्दा उठ गया है। पुलिस युवती को वीरवार को अदालत में पेश करेगी।
न्यू बाबा कॉलोनी निवासी मोहित ने सदर थाना पुलिस को बताया था कि उनके बड़े भाई अंकित थे। अंकित करीब एक माह से उनके पड़ोस में रहने वाली आरती के साथ रिलेशनशिप (सहमति संबंध) में भगत सिंह कॉलोनी में किराए पर रहते थे। आरती ने उनके भाई को अपनी बातों में बहला फुसला रखा था। 26 जून को भाई अंकित व आरती उनके घर पर आए थे। घर पर आने के बाद दोनों का आपस में झगड़ा हो गया था। झगड़ा करते समय युवती ने भाई अंकित को जान से मारने की बात कही थी। इसके बाद 27 जून को तड़के चार बजे भाई अंकित को युवती धक्के मारती हुई घर से बाहर ले गई थी। वह कह रही थी की आज अंकित को जान से मार देगी। इसके बाद भाई अंकित को लेकर घर से चली गई थी।
30 जून उन्हें पता चला कि भाई अंकित की मौत रेलवे लाइन सोनीपत के पास हुई है। इसके बाद वह रेलवे थाना सोनीपत में गए। यहां पर उन्होंने अपने भाई अंकित के फोटो देख कर उनकी पहचान की। उन्हें यहां पता चला कि भाई अंकित का शव 27 जून को सुबह करीब 8 बजे बाबा कॉलोनी के पास रेलवे लाइन के निकट पड़ा मिला था। शव का का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए करनाल भेज रखा था। इसके बाद उन्होंने करनाल से भाई का शव लिया और अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने आरती पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के सामने युवती ने कबूला धक्का देकर ट्रेन के आगे फेंका
सदर थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद बुधवार देर शाम पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस के सामने कबूल किया है कि घटना के दिन झगड़ा करते हुए रेलवे ट्रैक पर गए थे। उसे लग रहा था अंकित उसकी पिटाई करेगा। जिस पर अचानक ट्रेन आई तो उसने अंकित को धक्का देकर ट्रेन के आगे गिरा दिया। युवती को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।