संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। गांव बड़ौता में बुधवार को संत गरीब दास आश्रम के पास सर्विस रोड पर ब्रेकर पर बेकाबू होकर बाइक गिरने से किसान की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार किसान सड़क के साथ नाले के स्लैब से टकराकर गंभीर रूप से घायल गए थे। सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
गांव बीधल निवासी किसान मुकेश (40) बुधवार को बाइक पर गांव से गोहाना खाद व कीटनाशक लेने आ रहे थे। जब वह गांव बड़ौता में आश्रम के सामने सर्विस रोड से जा रहे थे तो ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और मुकेश उछलकर साथ में नाले के स्लैब से जा टकराए। उनके सिर में चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि ब्रेकर की ऊंचाई अधिक है, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
मुकेश के तीन बच्चे हैं। सदर थाना से प्रभारी लाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करके शव को अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।