सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ के पास ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार श्रमिक निर्दोष शाह की मौत हो गई। सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बिहार के भागलपुर जिले के गांव मसलिट्टी निवासी गौतम कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके ससुर निर्दोष शाह बहालगढ़ स्थित एक फैक्टरी में कार्यरत थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपने कमरे की ओर लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जब वह पानीपत-दिल्ली हाईवे की सर्विस रोड पर बहालगढ़ स्थित होटल के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निर्दोष शाह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से उन्हें तुरंत सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।