देर शाम खेलते हुए बॉल दूसरी मंजिल पर गई तो उसे उठाने की कोशिश में लगा हाईटेंशन लाइन से करंट
सोनीपत। पटेल नगर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर आठ साल का मासूम बुरी तरह से झुलस गया। परिजनों ने पहले उसे नागरिक अस्पताल लेकर गये, जहां से तीन अस्पतालों में रेफर करने के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। दिल्ली के अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं। बच्चा खेलते हुए दूसरी मंजिल पर बॉल उठाने गया था।
मोमिन अपने परिवार के साथ पटेल नगर स्थित मकान में किराये पर रहते हैं। मोमिन का बेटा असद (8) सोमवार देर शाम को बॉल के साथ खेत रहा था। इसी दौरान उसकी बॉल घर की दूसरी मंजिल की छत पर चली गई। वहां से बिजली निगम की हाईटेंशन लाइन गुजरी हुई है। बच्चा अपनी बॉल उठाने के लिए छत पर गया तो वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गया। उसके कपड़े तक जल गए। दो-तीन घरों की बिजली की केबल भी जल गई। परिजनों को जब तेज आवाज सुनाई दी तो वह भागकर छत पर गए। जहां असद झुलसी हालत में पड़ा था। परिजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल गए, मगर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बच्चे को बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, मगर वहां से भी उसे रेफर कर दिया गया। परिजन बच्चे को लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल दिल्ली पहुंचे , लेकिन वहां से भी उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। सफदरजंग में उपचार के दौरान बच्चे की मंगलवार को मौत हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
परिवार का इकलौता बेटा था असद
असद अपने पिता मोमिन का इकलौता बेटा था। उसकी दो बड़ी बहने हैं। सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की बहन असद से पांच साल बड़ी है। हादसे के बाद से परिजनों को रोकर बुरा हाल है।
मेयर ने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया
पटेल नगर में हुए हादसे के बाद नगर निगम मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने असद के पिता मोमिन खान को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
6 मार्च को गांव ताजपुर में शादी के दौरान लुटाए जा रहे नोट बटोरते समय करंट लगने से किशोर की मौत हो गई थी।
1 जुलाई, 2024 को हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गन्नौर क्षेत्र में कंटेनर चालक व सहायक झुलस गए थे।
17 जून, 2024 को गोहाना स्थित फैक्टरी में सीढ़ी घसीट कर ले जाने के दौरान हाईटेंशन तार में टकराने से तीन मजदूरों की जान चली गई थी।
20 जून, 2023 को मुरथल क्षेत्र में करंट से तीन कर्मचारी झुलस गए थे।
अगस्त, 2022 को बहालगढ़ के पास लटकते तार से टकराकर ट्रक में आग लग गई थी। जिससे चालक करंट से जिंदा जल गया था।
अक्तूबर, 2021 में कुंडली स्थित फैक्टरी के गेट पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर ट्रक चालक व छोटे भाई की मौत हो गई थी।
पटेल नगर में करंट लगने से बालक की मौत हो गई। मामले में दिल्ली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। -इंस्पेक्टर सतबीर सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत
फोटो :13: सोनीपत के पटेल नगर में छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार। संवाद
फोटो :13: सोनीपत के पटेल नगर में छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार। संवाद
फोटो :13: सोनीपत के पटेल नगर में छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार। संवाद
फोटो :13: सोनीपत के पटेल नगर में छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार। संवाद
फोटो :13: सोनीपत के पटेल नगर में छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार। संवाद