सोनीपत। मंडियों में गेहूं की आवक व सरकारी खरीद जारी रही। जिला की मंडियों में मंगलवार को 99445 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद की गई। इनमें से सनपेड़ा खरीद केंद्र में भी गेहूं की खरीद शुरू हुई। मंडी से अब तक 2349 क्विंटल गेहूं की उठान कर ली गई है। खरखौदा मंडी में गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। मेयर राजीव जैन ने मंगलवार को साेनीपत मंडी में गेहूं खरीद का जायजा लिया और मशीन के जरिए गेहूं में नमी की जांच कराई। वहीं, मंडियों में अब तक कुल 37530 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें से 34000 क्विंटल सरसों की उठान की जा चुकी है।
सोनीपत मंडी में मंगलवार को 56545 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हुई। वहीं, गोहना अनाज मंडी में 11290 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। गन्नौर मंडी में 19918 क्विंटल गेहूं व सनपेड़ा खरीद केंद्र में 11692 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। गेहूं की खरीद होने से किसानों को राहत मिल सकी। गन्नौर अनाज मंडी से 2349 क्विंटल गेहूं की उठान की गई। इसके अलावा खरखौदा मंडी में गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। खरखौदा मंडी में 64120 क्विंटल गेहूं बिना बिका हुए पड़ा है।
मेयर राजीव जैन ने अनाज मंडी प्रधान पवन गोयल व मार्केट कमेटी के पूर्व वाइस चेयरमैन संजय वर्मा के साथ खरीद व्यवस्था देखने के बाद व्यापारियों की समस्याएं सुनी। गेहूं ढुलाई के ठेकेदार सतीश माथुर ने भारतीय खाद्य निगम के गोदाम के सामने सड़क पर डिवाइडर होने के कारण बड़े ट्रक मुड़ने की समस्या रखी। इस पर मेयर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक से कॉल कर समस्या का समाधान करवाने के निर्देश दिए।
आढ़तियों ने मंडी में जर्जर हो चुके शेड बदलवाने, मंडी में पीने के मीठे पानी की व्यवस्था, टूटी हुई चहारदीवारी बनवाने की मांग रखी, जिस पर राजीव जैन ने मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता नवनीत को कॉल करके समस्याओं का समाधान करवाने के निर्देश दिए। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य का 4.60 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार करके मुख्यालय भेजा हुआ है। मेयर ने बताया कि मार्केट कमेटी मीठे पानी की आपूर्ति के लिए नगर निगम में आवेदन भेज दे। पानी आपूर्ति को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराया जाएगा। बैठक में प्रदीप बंसल, प्रवीण गोयल, रमेश जैन, महावीर जैन, पवन बंसल, टीनू कुच्छल, अशोक गुप्ता, वेदपाल, महेंद्र रोहिल्ला, अशोक बंसल, संजय सहारा, अनुज गर्ग, मुकेश गुप्ता, विनोद गर्ग भी मौजूद रहे।