सीएम ने दी खरखौदा हल्के को 203 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। सेहरी खांडा शौर्य दिवस पर खांडा गांव में जनसभा करके सीएम मनोहर लाल ने खरखौदा हल्के के विकास के लिए योजनाओं का पिटारा खोल दिया। सीएम ने जहां 153 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया, वहीं सोनीपत शुगर मिल की पेराई क्षमता दोगुनी करके भी लोगों को बड़ा तोहफा दिया। इनके अलावा खरखौदा हल्के के लिए 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई, जिनमें 12 करोड़ रुपये से किसी भी गांव में जरूरत के अनुसार कार्य कराए जा सकते हैं।
सीएम मनोहर लाल ने शनिवार को 153 करोड़ 58 लाख 65 हजार की दो परियोजनाओं का उद्घाटन व 7 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जिनमें 15.03 करोड़ रुपये से बनने वाले खरखौदा उपमंडल परिसर के निर्माण कार्य, 101.81 करोड़ रुपये की लागत से सोनीपत-राठधना-नरेला रोड के निर्माण कार्य, 92 लाख रुपये की लागत से खरखौदा में स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण कार्य, 1.99 करोड़ रुपये की लागत से खरखौदा में बनने वाली विभिन्न ड्रेन के निर्माण कार्य, 4.49 करोड़ रुपये की लागत से सिसाना गांव में वाटर वर्कस का निर्माण, 4.98 करोड़ रुपये की लागत से 9 बुस्टर व विभिन्न गांवों में पेयजल पाइपलाइन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनके अलावा खांडा गांव में बनने वाले पीएचसी भवन का निर्माण कार्य सीएसआर से कराया जाएगा और उसका भी शिलान्यास किया गया। वहीं 15 करोड़ रुपये की लागत से शुगर मिल सोनीपत की पेराई क्षमता को दोगुना कराकर उसका उद्घाटन किया गया तो सोनीपत शुगर मिल के पास 9 करोड़ 36 लाख रुपये से बने रेलवे आरयूबी का उद्घाटन भी किया।
50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात
सीएम मनोहर लाल ने हल्के के लिए 50 करोड़ रुपये की सौगात दी। इनमें बैंयापुर माइनर की टेल तक पानी पहुंचाने के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से निर्माण करवाना, छिन्नौली-मटिंडू गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए एक करोड़ रुपये, खरखौदा में 10 करोड़ रुपये की लागत से अधिकारी कालोनी का निर्माण, ककरोई से बिधलान तक एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण, खांडा से ककरोई तक आठ करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण, गोपालपुर से पिपली गांव तक 1.5 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण, मंडौरा से मुनक तक 1.75 लाख की लागत से सड़क का निर्माण, मंडौरा से गढ़ी गांव तक 6.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण, निजामपुुर से माजरा-गौरड़ तुनकपुर तक सड़क का निर्माण शामिल है। इनके अलावा जरूरत के अनुसार गांवों में विकास कार्य कराने के लिए एचआरडीएफ से 10 करोड़ रुपये व एससी फंड से दो करोड़ रुपये की घोषणा की गई। इसके साथ ही खांडा से झरौठ तक पांच किलोमीटर की सड़क को जल्द पूरा कराने और खांडा गांव में सार्वजनिक पुस्तकालय का निर्माण भी सीएसआर से करवाने की बात कही गई।
सीएम ने कहा डीसी का सिलेंडर ले जाना, वहां नहीं मिले तो एमपी व मंत्री का उठा ले जाना
सीएम मनोहर लाल ने जनसभा के दौरान महिलाओं से पूछा कि उज्जवला योजना के तहत किस-किस के घर अभी तक गैस सिलेंडर नहीं है। इसपर दस से ज्यादा महिलाओं ने हाथ उठाया तो सीएम ने डीसी से कहा वह 48 घंटे में उन सभी को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराएं। जिसके बाद महिलाओं से कहा कि 48 घंटे में कनेक्शन नहीं मिले तो डीसी के घर से सिलेंडर उठा ले जाना। उनके यहां भी सिलेंडर खत्म हो जाए तो एमपी व मंत्री के घर से उठा ले जाना। इसपर सभी ने कहा कि वह सिलेंडर देने के लिए तैयार हैं।
बंदा वीर बैरागी की प्रतिमा का अनावरण, मंदिर में की पूजा
खांडा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम मनोहर लाल ने गांव के निर्मोही मालाधारी अखाड़ा स्थित नागावाली तालाब पर बंदा वीर बैरागी की प्रतिमा का अनावरण भी किया और बैरागी समाज के विभिन्न मठों व धार्मिक स्थानों के विषय में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके बाद सीएम ने निर्मोही मालाधारी अखाड़ा मंदिर में पूजा अर्चना भी की।
सीएसआर के तहत 250 बेटियों को बांटी साइकिल
सीएम मनोहर लाल ने शनिवार को खांडा गांव में सीएसआर स्कीम के तहत 250 साइकिल गांव की छात्राओं को वितरित कीं। इसके बाद उन्होंने सीएसआर स्कीम के तहत ही हिमाचल की कंपनी की ओर से भेंट की गई मोबाइल मेडिकल वैन को भी रवाना किया। इस मोबाइल मेडिकल वैन में चिकित्सक सहित पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध होगा और यह आस-पास के गांवों को भी मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाएगी।
ईंट भट्ठा एसोसिएशन से नहीं लिया चांदी का रथ
जनसभा के दौरान ईंट भट्ठा एसोसिएशन ने सीएम मनोहर लाल का स्वागत करने की बात कही और वह चांदी के रथ से स्वागत करने पहुंच गए। वह चांदी का रथ सीएम ने लेने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद एसोसिएशन ने उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया। उसके बाद नंबरदार ऐसोसिएशन ने भी उनका पगड़ी बांधकर
स्वागत किया। वहीं गांव के सरपंचों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।