खरखौदा। गांव निजामपुर माजरा की युवती का डेबिट कार्ड बदलकर उनके खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। एटीएम से पैसे निकालने के दौरान युवक एटीएम में घुस गया था और बातों में उलझाकर उनका डेबिट कार्ड बदल लिया। पीड़िता की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निजामपुर निवासी अंजू ने पुलिस को बताया कि वह गांव के ही अड्डे के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने के लिए पहुंची थी। उन्होंने अपना डेबिट कार्ड एटीएम में डाला ही था कि इस दौरान एक युवक एटीएम में आ गया। पैसे निकालने की बात कहते हुए युवक ने अपना डेबिट कार्ड जेब से निकाला और मशीन में लगे उनके डेबिट कार्ड काे खींचकर बाहर निकाल दिया। उनकी मदद करने की बात कहते हुए उसने फिर से उनके कार्ड को मशीन में डाल दिया। जब उनके खाते से पैसे नहीं निकले तो वह अपना डेबिट कार्ड लेकर अड्डे की तरफ चल पड़ी। कुछ देर बार उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकाले जाने के मैसेज आए। इसके बाद वह एटीएम की तरफ दौड़ी, लेकिन वहां पर कोई नहीं था। उन्होंने बैंक में काॅल कर अपने डेबिट कार्ड बंद करवाया, लेकिन तब तक उनके खाते से 90 हजार रुपये निकल चुके थे।
इसके बाद उन्होंने अपने डेबिट कार्ड की जांच की तो पाया कि उस पर किसी फिरदौस बानो का नाम लिखा हुआ है। युवक ने डेबिट कार्ड बदलकर युवती काे 90 हजार रुपये की चपत लगा दी। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।