फोटो 19: सोनीपत में ककरोई रोड के जर्जर हिस्से की मरम्मत कार्य का शुभारंभ करते मेयर राजीव जैन, व
सोनीपत। 15 वर्ष के बाद अब ककरोई रोड पर आवागमन सुगम होगा। सड़क के जर्जर हिस्से की मरम्मत का काम 88 लाख रुपये से नगर निगम ने निर्माण शुरू करवाया है। इसका शुभारंभ विधायक पवन खरखौदा, निखिल मदान व मेयर राजीव जैन ने किया।
उन्होंने लहराड़ा में 76.51 लाख रुपये से छह वर्ष से सामुदायिक भवन के अधूरे निर्माण को पूरा करने के कार्य शुरू कराया। 1.08 करोड़ रुपये से वाल्मीकि चौपाल की मरम्मत, कब्रिस्तान की चहारदीवारी व गलियों के निर्माण का शुभारंभ विधायक व मेयर ने नारियल तोड़कर किया।
विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। विधायक निखिल मदान ने कहा कि ककरोई रोड का निर्माण होने से शहरवासियों को भी आवागमन में सुविधा होगी।
मेयर ने कहा कि ककरोई रोड की देखरेख का जिम्मा लोक निर्माण विभाग का है, लेकिन आसपास 15 गांव के लोगों की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने मरम्मत का निर्णय लिया। इस दौरान नकीन मेहरा, हरी राम पांचाल, नरेश वर्मा, अनिल ग्रोवर, रणधीर सरोहा, राजबीर सरोहा, रामकरण, सतबीर, सुरेंद्र शर्मा, दीपक पांचाल भी उपस्थित रहे।