बहादुरगढ़ हाईवे पर बारोटा टोल के पास से गोसेवकों ने ट्रक में ठूंसकर ले जाए जा रहे 84 कटड़े-कटड़ियों को मुक्त कराया है। इनमें एक कटड़ा मृत तो 16 घायल मिले। इसको लेकर गोसेवकों ने रोष जताया और उनको पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिक्का कॉलोनी सोनीपत निवासी राम पाहुजा ने राई थाना पुलिस को बताया कि वीरवार रात एक बजे उसे सूचना मिली कि एक ट्रक में कटड़े-कटड़ियां ठूंसकर भरे गए हैं, जो राजस्थान से यूपी जाएगा। उसे केजीपी से यूपी ले जाया जाएगा। वह अपने साथी राठधना के अमित के साथ बाइक पर बहादुरगढ़ हाईवे पर चल दिया। उन्हें जठेड़ी की तरफ से एक ट्रक बारोटा टोल की तरफ आता दिखाई दिया। जिस पर ट्रक को रोककर उसकी जांच की तो उसमें 84 कटड़े-कटड़ी ठूंसकर भरे मिले। ट्रक में फट्टे लगाकर उसमें ऊपर-नीचे पशुओं को भरा गया था। ट्रक में चारे व पाने का प्रबंध नहीं था। उन्होंने राई थाना पुलिस को अवगत कराया। जांच में एक कटड़ा मृत मिला और 16 की हालत गंभीर थी। राई थाना पुलिस ने राम पाहुजा के बयान पर पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पशुओं को गोशाला में भिजवा दिया गया।