सोनीपत के लघु सचिवालय में लगाए गए समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुनते उपायुक्त डॉ. मनोज क
सोनीपत। लोगों की शिकायतों का समाधान करने के लिए लघु सचिवालय में लगाए जा रहे समाधान शिविर में वीरवार को 84 शिकायतें पहुंची। इनमें से अधिकतर शिकायतों का उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष शिकायतों के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन की तरफ से जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का प्रत्येक कार्यदिवस आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में मौजूद रहते हैं। पूरा प्रशासन आपसी सामंजस्य के साथ शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। शिविर को लेकर नागरिकों का रुझान बढ़ा है और नागरिक अपनी अर्जी लेकर समाधान शिविर में पहुंच रहे हैं। इस मौके पर डीसीपी नरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, नगराधीश पूजा कुमारी, डीआरओ हरिओम अत्री, डीडीपीओ जितेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।