फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहीद नरेंद्र के शव से बर्बरता पर भड़का पूरा गांव, बोले प्रधानमंत्री अब दिया जाए पाकिस्तान को कड़ा जवाब

विज्ञापन
विज्ञापन
शहीद नरेंद्र के शव से बर्बरता पर भड़का पूरा गांव, बोले- पाकिस्तान को दिया जाए मुंहतोड़ जवाब
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। गांव थाना कलां निवासी बीएसएफ के जवान नरेंद्र सिंह की शहादत के बाद उनके शव से बर्बरता किए जाने पर पूरा गांव भड़क गया है। गांव थाना के लोगों और परिजनों ने प्रधानमंत्री से पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि उन्हें नरेंद्र की शहादत पर गर्व है, लेकिन उनके शव के साथ बर्बरता कर पाकिस्तान ने घिनौनी हरकत की है। जिसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाना चाहिए। शहीद की बेरहमी से हत्या किए जाने के चलते गांव में मातम का माहौल है। वीरवार सुबह तक शहीद का पार्थिव शरीर गांव में पहुंचेगा। गांव में ही उनका संस्कार किया जाएगा। वहीं, शहीद को लेकर भाजपा के केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने कहा- ‘यह कोई नई बात नहीं, पाकिस्तान पहले भी इस तरह की बर्बरता करता रहा है।’ उधर, राई क्षेत्र में पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शहीद के शव से बेरहमी करने को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि 179 बीएसएफ की बटालियन में तैनात नरेंद्र सिंह बार्डर पर मंगलवार की सुबह अपने साथी जवानों के साथ सरकंडों की सफाई करने गए थे। ताकि झाड़ियों और सरकंडे का सहारा लेकर आतंकी घुसपैठ न कर सकें। इसी दौरान पाकिस्तान रेंजर्स ने सैन्य चौकियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी थी। पाकिस्तान द्वारा की गई फायरिंग व बैट के हमले में नरेंद्र सिंह घायल हुए थे। इसके बाद वह अचानक गायब हो गए थे। शाम को नरेंद्र सिंह का शव क्षत-विक्षत मिला था। उन्हें दो गोली लगी हुई थी और शरीर से बर्बरता की गई थी। नरेंद्र के परिवार के सदस्य ने बताया कि उनके शव से बर्बरता करने के साथ ही आंख भी फोड़ी गई हैं। उनके पैर व सीने में गोली है।
विज्ञापन


गांव में बनेगा शहीद नरेंद्र सिंह का स्मारक
सरपंच बलराम का कहना है कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले थाना कलां के सपूत की शहादत को पूरा राष्ट्र नमन कर रहा है। ग्राम पंचायत शहीद नरेंद्र के नाम पर स्मारक स्थल बनाएगी। सरकार से मांग की जाएगी कि गांव के खेल स्टेडियम व स्कूल का नाम भी शहीद के नाम पर किया जाए।

दिल्ली में रहता है शहीद का परिवार
शहीद नरेंद्र सिंह का परिवार फिलहाल दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में पंखा रोड सागरपुर स्थित काली माता मंदिर के पास रहता है। दोनों बेटों मोहित व अंकित की पढ़ाई के चलते नरेंद्र की पत्नी संतोष उन्हें लेकर दिल्ली में रह रही है।

भतीजे की शहादत पर पूरे परिवार को गर्व है। लेकिन पाकिस्तान ने उनके पार्थिव शरीर से जो बर्बरता कर अपना घिनौना चेहरा फिर से अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के सामने दिखाया है उसे लेकर सभी में रोष है। बर्बरता की हद पार करने वाले पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
- अशोक कुमार, शहीद के चाचा।

पाकिस्तान ने शहीद के शव के साथ बर्बरता की है। पूरा गांव ही सभी देशवासी चाहते हैं कि अब पाकिस्तान को उसकी बर्बरता का करारा जवाब दिया जाएगा। जिससे पाकिस्तान को उसकी असलियत का पता लग सके।
- मेजर सिंह, ग्रामीण।

पाकिस्तान को सबक सिखाने के साथ ही उसकी करतूत के बारे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सभी को अवगत कराया जाना चाहिए। जिससे पाकिस्तान के काले चेहरे को सभी के सामने लाया जा सके।
- नरेश कुमार, ग्रामीण।

बर्बरता करना पाकिस्तान की पुरानी आदत : राव इंद्रजीत
सोनीपत कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा इस तरह की हरकत करना कोई नई बात नहीं हैं। यह पाकिस्तान की पुरानी आदत है। पाकिस्तान 10-15 साल में इस तरह की घिनौनी हरकत कर देता है। भारतीय सेना उसका जवाब देगी। पाकिस्तान की यह घिनौनी नीति रही है कि लगातार फायरिंग की जाए। साथ ही शहीदों के शव से बर्बरता की जाए। हालांकि इस दौरान उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति दुख तक जाहिर नहीं किया।
विज्ञापन


केंद्र सरकार करे कड़ी कार्रवाई : सांसद दीपेंद्र
राई क्षेत्र में पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही कहा कि राजनीतिक नेताओं व दलों को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। कश्मीर के हालात बेकाबू हो गए। पूरा देश एक होकर फौजियों के साथ खड़ा हो तथा मुंह तोड़ जवाब दिया जाए। आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाना चाहिए। शहीदों की शहादत का बदला लिया जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें