युवक का आरोप भाभी के मायके वाले दे रहे झूठे मामले में फंसाने की धमकी
दोनों पक्षों पर दर्ज मामला, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत।
शहर की सेक्टर-15 चौकी में शिकायत करने गए एक युवक ने वहां मौजूद एएसआई पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। एएसआई पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। युवक के आरोप के बाद मामले में एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। युवक का आरोप है कि उसकी भाभी व उसके मायके पक्ष के लोग उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। जिसकी शिकायत लेकर वह चौकी में गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया था, जहां उसके साथ एएसआई ने अभद्र व्यवहार किया।
सेक्टर-12 निवासी मोहित अपने भाई के साथ रहता है। उसका आरोप है कि दो माह पहले मनमुटाव होने के बाद उसकी भाभी अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि अब उसकी भाभी व मायके पक्ष के लोग उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई थी। जिस पर सेक्टर-15 चौकी पुलिस ने उसे व उसके भाई को चौकी में बुलाया था। जब वह वहां पहुंचे तो भाभी के मायका पक्ष के लोग पहले से ही वहां बैठे थे। उनके वहां पहुंचे ही चौकी में तैनात एएसआई श्याम सुंदर ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही उनके खिलाफ की निवारक कार्रवाई कर दी गई। जिस पर उसने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना प्रभारी को दी। जिस पर एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया। मामले को लेकर थाना प्रभारी अनिरुद्ध ने बताया कि एएसआई के खिलाफ कई शिकायत मिल चुकी थी। जिस पर उसे लाइन हाजिर किया गया है।