सोनीपत। शहर में दीवाली तक चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने आम जनता के साथ लगातार दो दिन मामा भांजा चौक से ओल्ड डीसी रोड स्थित गुरुद्वारा तक सफाई की। उन्होंने कहा कि शहर हमारा अपना है, जिस प्रकार हम अपना घर साफ रखते हैं, उसी प्रकार हम अपनी गलियों, सड़कों को भी स्वच्छ बनाएंगे। उन्होंने बताया कि ओल्ड डीसी रोड अब मास्टिक रोड बनेगा व इसके दोनों ओर टाइलें लगवाई जाएंगी। भाजपा नेता राजीव जैन ने ओल्ड डीसी रोड पर लगातार दूसरे दिन सवेरे साढ़े छह बजे से साढ़े 10 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया। मामा भांजा चौक से मशद मोहल्ला, नंदवानी नगर, चार मरला, कच्चे क्वार्टर, दीपक मंदिर, जीवन नगर, तारा नगर, माडल टाउन, गुरुद्वारा ओल्ड डीसी रोड तक अलग-अलग टोलियों में मुख्य मार्ग पर फैली खाली प्लास्टिक की बोतलें, थैलियां, कचरा, मलबे के ढेर तथा दुकानों के बाहर फैले कचरे का उठान करवाया गया। आसपास के नागरिकों द्वारा भी अभियान में सहयोग किया गया।