गोहाना। वाल्मीकि चौक के पास पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ पर सेवानिवृत्त बुजुर्ग का डेबिट कार्ड बदलकर बैंक खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित एटीएम बूथ पर पत्नी संग दस हजार रुपये निकालने गए थे। दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
विष्णु नगर निवासी करतार सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से जलापूर्ति विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 28 सितंबर की शाम को पत्नी निर्मला देवी के संग वाल्मीकि चौक के पास एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए थे। वह पहले एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ पर गए, लेकिन बूथ बंद मिला। इसके बाद वह पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम बूथ में रुपये निकालने के लिए गए। बूथ में दो युवक खड़े थे जो बाहर जाने की कहने पर भी नहीं गए। पीड़ित ने एटीएम से दस हजार रुपये निकाले। दोनों युवकों ने इसी दौरान उनका डेबिट कार्ड बदल लिया। जब वह घर के लिए चले तो रास्ते में उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 80 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। पीड़ित ने डेबिट कार्ड देखा तो वह उनका नहीं था। पीड़ित ने तुरंत डेबिट कार्ड को बंद कराया और थाना शहर की पुलिस को शिकायत दी।
डेबिट कार्ड बदलकर 80 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत मिली है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही युवकों की पहचान कर उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर मोहन सिंह, प्रभारी, थाना शहर गोहाना