फोटो :18 : सोनीपत के खरखौदा के पास एसटीपी का दौरा करते एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर, नपा अध्यक्ष हीर
खरखौदा। क्षेत्र में बुधवार शाम और वीरवार की सुबह हुई झमाझम बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी वहीं किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी। क्षेत्र में 70 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर में पानी निकासी का जायजा लेने के लिए एसडीएम डॉ. निर्मल नागर ने नगर पालिका सचिव पंकज जून और अन्य अधिकारियों के साथ दौरा किया।
उन्होंने सोनीपत-सांपला रोड, थाना कलां मार्ग, दिल्ली चौक, बाईपास, मटिंडू मार्ग, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और सैनी गढ़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकतर स्थानों पर जलभराव न मिलने पर एसडीएम ने संतोष जताया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह केवल पहली बारिश है। ऐसे में लापरवाही होने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है।
उन्होंने पानी निकासी व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर पालिका सचिव को निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर समय रहते निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने सैनी गढ़ी के निकट स्थित तालाब के पानी की निकासी के लिए पंप सेट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी आवश्यकता हो वहां पंप लगाकर जलभराव को दूर किया जाए।
एसडीएम ने पुरानी तहसील कार्यालय के सामने भरे पानी की निकासी के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को मैनहोल की सफाई करने के निर्देश दिए। मटिंडू मार्ग पर खुले मैनहोल को ढकने और उस पर चेतावनी सूचना अंकित करने के भी आदेश दिए।
सब्जी मंडी में जलभराव को देख जताई नाराजगी
सब्जी मंडी में जलभराव की स्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मार्केट कमेटी और नगर पालिका को मिलकर जल्द से जल्द सब्जी मंडी से पानी निकालने के निर्देश दिए। एसडीएम को यह भी जानकारी मिली कि शहर से निकलने वाला पानी जिस ड्रेन नंबर छह में जाता है उसकी अभी तक सफाई नहीं हुई है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल सफाई कराने के लिए कहा।