सोनीपत। कुंडली स्थित निफ्टम की प्रोफेसर के खाते से साइबर चोरों ने 66 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित को जब इसका पता लगा तो उन्होंने कुंडली थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने चोरी व ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रोफेसर का आरोप है कि उन्होंने न तो किसी को अपने एटीएम का पासवर्ड दिया और न ही किसी से अन्य जानकारी साझा की थी। पुलिस ने ठगों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
कुंडली के निफ्टम में बतौर सहायक प्रोफेसर नीतू ने पुलिस को बताया कि उनके खाते से 66 हजार रुपये निकाल लिए गए। रुपये निकलने की जानकारी के बाद वह कुंडली स्थित बैंक शाखा पहुंची तो प्रबंधक ने बताया कि रुपये 5 से 7 अक्तूबर के बीच निकाले गए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ न तो पासवर्ड साझा किया और न ही किसी को खाते के बारे में कोई और जानकारी दी। उसके बावजूद खाते से रुपये निकाल लिए गए। जिसके बाद कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ठगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हिमाचल के रेस्टोरेंट में प्रयोग किया था एटीएम कार्ड
नीतू ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अंतिम बार अपने एटीएम कार्ड को हिमाचल के शिमला के मॉल रोड व सोलन जिला के धर्मपुर में हवेली नाम के रेस्टोरेंट में स्वाइप किया था। इसके अलावा उन्होंने न तो एटीएम इस्तेमाल किया और न ही किसी के साथ एटीएम को लेकर कोई जानकारी सांझा की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि एटीएम का क्लोन तैयार कर वारदात को अंजाम दिया गया है। इससे पहले भी जिले में पेट्रोल पंपों पर एटीएम का डाटा कॉपी कर क्लोन तैयार करने के मामले सामने आ चुके है। अब पुलिस मामले में हिमाचल पुलिस से भी संपर्क करेगी।
लगातार सामने आ रहे खाते से नकदी गायब होने के मामले
जिले में एटीएम कार्ड के बारे में बिना जानकारी व बिना उसे बदले ही लगातार पैसे निकालने के मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले 5 अक्तूबर को गांव झरोठ के रहने वाले करतार सिंह के खाते से 1.15 लाख रुपये, 3 अक्तूबर कुंडली निवासी सुंदर ने खाते से 65 हजार रुपये निकाले गए, 3 जुलाई को शास्त्री कालोनी निवासी अमन ने उसके खाते से 49 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत दी थी।
सहायक प्रोफेसर के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला ने बताया है कि एटीएम कार्ड का अंतिम बार प्रयोग हिमाचल में किया था। मामले में हिमाचल पुलिस की भी मदद ली जाएगी।
-देवेंद्र, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।