सोनीपत। हरियाणा सुपर-100 के शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए लेवल-1 की परीक्षा मंगलवार को हुई। इसमें 66 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 49 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में बनाया गया था।
जिले के कुल 115 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 66 ने परीक्षा में भाग लिया। यह परीक्षा दोपहर 12 से 1:30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विद्यार्थियों को 11:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा ऑब्जेक्टिव आधारित थी, जिसमें 200 अंकों के 50 बहुविकल्पीय प्रश्न थे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू की गई। इसमें गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे, जिसकी जानकारी पहले ही दी गई थी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लेवल-1 का परिणाम 17 जुलाई को घोषित होगा। चयनित विद्यार्थियों के लिए 19 जुलाई को कुरुक्षेत्र में लेवल-2 परीक्षा होगी। लेवल-2 का परिणाम 23 जुलाई को आएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन होगा। चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 25 जुलाई से प्रारंभ होंगी। उन्हें लेवल-3 के तहत विशेष रेजिडेंशियल अकादमिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिसमें निशुल्क जेईई व एनईईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।