पीएम की रैली में सांपला नहीं जाऊंगा : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। भाजपा सांसद व लोकतंत्र सुरक्षा मंच पार्टी के संस्थापक राजकुमार सैनी ने कहा कि 9 अक्टूबर को रोहतक के गढ़ी सांपला में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में वह नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह पहले कभी किसी कार्यक्रम में नहीं गए और आगे भी नहीं जाएंगे। सांसद राजकुमार सैनी शुक्रवार को विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि उनके काफिले पर हमला करने की साजिश रची गई थी। हमला करने वालों ने पहले जिंदाबाद के नारे लगाए, जिसे देखते ही उन्होंने गाड़ी रोक दी। जहां 60-70 लोगों ने उनकी कार पर हमला कर दिया। हमला करने वालों में भी एक ही समाज के लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि उनके काफिले पर हमला करने के आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वे जिला मुख्यालयों पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि आरक्षण आंदोलन के दौरान मंच से उन्हें गालियां दी गई, लेकिन उन्होंने किसी को गाली नहीं दी। राजकुमार सैनी ने कहा कि कांग्रेस व इनेलो ने प्रदेश को जलाने का काम किया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास का नारा दे रही है तो सभी की मांगों को बराबर रखे।