बाजरे के कट्टों से भरा ट्रक मंडी में पहुंचा, डीएफएससी और मार्केट कमेटी वालों में नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिले में बाजरे की सरकारी खरीद केवल खरखौदा मंडी में हो रही है, लेकिन उसके बावजूद शुक्रवार सुबह सोनीपत अनाज मंडी में बाजरे के कट्टों से भरा ट्रक पहुंच गया। उस ट्रक को डीएफएससी ने पकड़ लिया और दूसरे राज्य से बाजरा मंडी में आने की सूचना मिलते ही मार्केट कमेटी के अधिकारी भी पहुंचे। वहां ट्रक पकड़ने का श्रेय लेने के लिए डीएफएससी व मार्केट कमेटी के अधिकारियों में नोकझोंक भी हुई। वहीं बगैर गेट पास के ट्रक अंदर आने के बाद डीएफएससी मनीषा मेहरा ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीसी को पत्र भी लिखा।
रोहतक रोड नई अनाज मंडी में शुक्रवार सुबह दिल्ली के बवाना से बाजरा लेकर ट्रक पहुंचा। बगैर गेट पास के ट्रक मंडी में घुसने पर मौके पर मौजूद डीएफएससी मनीषा मेहरा ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसने ट्रक चालक से गेट पास मांगा तो गेट पास नहीं होने पर डीएफएससी ने मामले की सूचना पुलिस व हैफेड के डीएम कृपालदास को दी। इस दौरान डीएफएससी ने मंडी के गेट पर पास बनाने वाले से जानकारी ली तो वह डीएफएससी को सही जवाब नहीं दे सका। ट्रक पकड़े जाने की सूचना के बाद मार्केट कमेटी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रक पकड़ने का श्रेय लेने के लिए डीएफएससी के साथ नोकझोंक शुरू कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
-------
मार्केट कमेटी के अफसरों की अनदेखी पर डीसी को लिखा पत्र
डीएफसएससी मनीषा मेहरा ने कहा कि मंडी में बाजरा ट्रेडिंग के माध्यम से धड़ल्ले से लाया जा रहा है। मार्केट कमेटी के अफसरों की ओर से बाहर से आने वाले ट्रकों की जांच तक नहीं की जा रही। वहां न ही कोई गेट पास बनाकर दिया जा रहा। साथ ही मंडी में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगवाए गए। पुलिस की ओर से ट्रक जब्त कराने के बाद डीएफएससी ने डीसी को ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को पत्र लिखा तो मार्केट कमेटी की लापरवाही के लिए भी डीसी को पत्र में लिखा गया है।
वर्जन
चालक से पूछताछ करने के बाद वह ट्रक को छोड़ मौके से फरार हो गया है। चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीसी को पत्र लिखा गया है। साथ ही मार्केट कमेटी के अफसरों की अनदेखी के बारे में भी डीसी को अवगत कराया गया है।
- मनीषा मेहरा, डीएफएससी।
वर्जन
मंडी में डीएफएससी के कहने पर पुलिस ने बाजरे से भरा ट्रक को कब्जे में ले लिया है। एफआईआर दर्ज करने को लेकर अभी तक लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है।
- रमेश कुमार, सदर थाना प्रभारी।