भाजपा सरकार आरएसएस की विचारधारा पर खराब कर रही भाईचारा : अभय
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। प्रतिपक्ष नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा न सामाजिक और न ही राजनीतिक पार्टी है। यह पार्टी केवल आरएसएस की विचारधारा पर चलकर, जनता को लड़वाने व भाईचारे को खराब करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि पाक सैनिकों की बर्बरता का शिकाए हुए शहीद नरेंद्र सिंह के घर उसके पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सीएम मनोहर लाल पहुंचे और न ही संस्कार में शामिल हुए। अभय सिंह चौटाला शुक्रवार को पानीपत रोड बाईपास पर 25 सितंबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के जन्मदिवस पर होने वाली प्रदेश स्तरीय सम्मान दिवस रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे।
इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि रेवाड़ी गैंगरेप मामले से लगता है कि प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं है। रेप के आरोपी भी नहीं पकड़े गए। उन्होंने कहा कि लोगों में उत्साह है जिसके चलते 120 एकड़ के रैली स्थल को साढ़े 350 एकड़ कर दिया है। यह रैली चुनाव से पहले सबसे बड़ी व आखिरी होगी। रैली को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला को जेल में बंद कर पार्टी के अस्तित्व को खराब करने का सोचा था, अब यह रैली भाजपा व कांग्रेस को साफ कर अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ भाजपा ने भी गोहाना को जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन इस बार वह वादा करेंगे, जनता से पूछेंगे, जिला बनाए या नहीं उसके बाद जिला बनाया जाएगा। इस दौरान डॉ. केसी बांगड़, डॉॅ. कपूर नरवाल, जोगेंद्र मलिक, नरेंद्र गहलावत, कुलदीप मलिक, पदम सिंह दहिया, बबीता दहिया, प्रमिला मलिक, अतुल मलिक, विकास नरवाल, अरुण बड़ोक, अजमेर मलिक, प्रदीप बड़वासनी, डॉ. राममेहर राठी, अमित मोर आदि मौजूद रहे।