फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले दिन खूब चली नकल, 34 छात्र नकल करते पकड़े, पुलिस ने 5 पर्चियां बनाते दबोचे

विज्ञापन
विज्ञापन
नकल रहित परीक्षा के दावे फेल, पहले दिन 34 छात्र नकल करते पकड़े, पुलिस ने 5 पर्चियां बनाते दबोचे
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/गोहाना/गन्नौर।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से पहले तक प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारी नकल नहीं होने देने का दावा कर रहे थे। लेकिन परीक्षा के पहले ही दिन यह दावा पूरी तरह से हवाई साबित हुआ, क्योंकि पहले ही दिन अधिकतर केंद्रों पर खूब नकल चली। किसी ने दीवार से कूदकर केंद्र में नकल पकड़ाई तो किसी ने खिड़की से अंदर पर्चियां पहुंचा दी। इस कारण ही फ्लाइंग टीमों ने जिले में 34 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा और उनकी यूएमसी बना दी गई। वहीं गोहाना में एक स्कूल की छत पर पर्चियां तैयार करते पांच को पुलिस ने दबोचा है। सोनीपत में एक स्कूल में 15 नकलची पकड़ने पर केंद्र बदलने के लिए बोर्ड को लिखा गया तो खरखौदा में एक केंद्र को बदला गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, ओपन व री अपीयर वालों की बुधवार से परीक्षा शुरू हो गई और पहले दिन 12वीं के परीक्षार्थियों का अंग्रेजी का पेपर था। परीक्षा कराने के लिए जिले में 105 केंद्र बनाए गए है और उनपर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से रखी गई है। परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए काफी समय पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे, जहां कुछ परीक्षार्थियों को सीट ढूंढने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद जब पेपर शुरू हुआ तो अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर लोग अपनों को किसी तरह नकल कराने की जुगत में लग गए। युवाओं ने केंद्रों की दीवार पर चढ़कर अंदर परीक्षार्थियों को नकल थमा दी तो दीवार पर नहीं चढ़ पाने वालों ने खिड़की से पर्चियां अंदर पहुंचा दी। इस तरह जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर खुलकर नकल चली और शहरों के केंद्र भी नकल से नहीं बच सके। वहीं पहले दिन 2 हजार से ज्यादा ने परीक्षा छोड़ दी, जिनका पूरा डाटा बोर्ड को भेजा गया है।
विज्ञापन

--
टीमें दिनभर केंद्रों पर छापेमारी करती रही
परीक्षा को नकल रहित कराने के लिए कई प्रशासनिक, शिक्षा विभाग व पुलिस की फ्लाइंग टीमें बनाई गई थी और यह टीमें दिनभर केंद्रों पर छापेमारी करती रही। जिस तरह बाहर से अंदर नकल करने के लिए पर्चिया जा रही थी, उस कारण ही टीमों ने जिले में 34 को नकल करते हुए दबोच लिया और उनकी यूएमसी बना दी गई। सोनीपत में 24 को नकल करते पकड़ा गया तो गोहाना में 6, खरखौदा में 3 व गन्नौर में एक को नकल करते हुए पकड़ा।
--
रामजस का सेंटर बदलने को लिखा, खांडा का 12वी का बदला गया
सोनीपत शहर के रामजस स्कूल में दो केंद्र बनाए गए है, जहां एसडीएम जितेंद्र कुमार ने छापा मारा तो वहां 15 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। इस तरह एक स्कूल से इतनी संख्या में नकल करते हुए पकड़े जाने के कारण बोर्ड को सेंटर बदलने के लिए पत्र लिखकर फैक्स किया गया है। वहीं खांडा गांव के राजकीय स्कूल में एसडीएम पहुंचे तो वहां बाहरी लोगों का काफी दखल था। इस कारण वहां से 12वी का सेंटर खरखौदा शहर के एसके स्कूल में कर दिया गया है।
--
धारा 144 की उड़ी धज्जियां, पुलिस को लाठी लेकर दौड़ाना पड़ा
डीसी केएम पांडुरंग ने परीक्षा के कारण केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाई हुई है। इसके बावजूद अधिकतर केंद्रों के बाहर लोगों की भीड़ जमा रही तो महिलाएं भी हुजूम लगाए हुए थी। इस तरह अधिकतर केंद्रों पर धारा 144 की धज्जियां उड़ाई गई और शहर में कई केंद्रों पर भीड़ ज्यादा होने के कारण पुलिस को लाठी लेकर उनको दौड़ाना पड़ा। उसके बावजूद पुलिस के जाते ही भीड़ वहां फिर से पहुंच जाती थी। वहीं शहर के हरियाणा स्कूल के पास एक काले शीशे की कार भी घूमती रही, जिसको लेकर वहां हर कोई चर्चा करता रहा। शहर में कई केंद्रों के पास फोटो स्टेट की दुकानें भी खुली रही, जिनपर प्रशासन के आदेशों का कोई असर नहीं दिखा।
--
गोहाना में स्कूल की छत से पांच पर्चियां बनाते पकड़े
गोहाना में परीक्षा के दौरान नकल कराने की कई बार सूचना अधिकारियों के पास पहुंची तो एडीसी आमना तस्मीन, डीएसपी राजीव देशवाल, शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया। अधिकारियों का अमला जिस भी परीक्षा केंद्र पर पहुंचता, वहां बाहर जमा भीड़ तुरंत दौड़ लगा देती। वहीं शहर थाना के एसआई वजीर सिंह ने सूचना के आधार पर जींद मार्ग स्थित आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर छापा मारा। जहां एक महिला सहित पांच लोगों परीक्षा केंद्र की छत पर बैठकर पर्चियां फाड़ते हुए दबोच लिया7 एसआई ने बताया कि धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में झज्जर जिले के गांव माछरौली निवासी रणबीर, किरोहड़ निवासी सोनू, जुआं निवासी संदीप, बिलबिलान निवासी संदीप व झज्जर के गांव सौलदा निवासी संदीप को गिरफ्तार किया गया। वहीं कई परीक्षा केंद्रों पर डेस्क की सुविधा नहीं होने पर परीक्षार्थियों को टाट-पट्टियों पर बैठ कर परीक्षा भी देनी पड़ी।
विज्ञापन

--
पहले दिन 12वी की अंग्रेजी की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर टीमों ने लगातार छापेमारी की और जिले में पहले दिन 34 को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिनकी यूएमसी बना दी गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी हालत में नकल नहीं होने दी जाएगी।
- ईश्वर सिंह नागर, बोर्ड अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें