रोडवेज कर्मियों ने जीएम को दिया दो दिवसीय धरने का नोटिस
- मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी 26-27 फरवरी को देंगे धरना
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हरियाणा रोडवेज वर्कर्ज यूनियन के पदाधिकारियों की वीरवार को यूनियन कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान रोडवेज कर्मियों ने 19-20 फरवरी की बजाय 26-27 फरवरी को धरना देने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने जीएम को धरने का नोटिस दिया और 25 फरवरी तक उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की।
यूनियन के डिपो प्रधान रणबीर मलिक ने बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को विभाग के अधिकारी नहीं पूरा कर रहे। जिसके विरोध में यूनियन के कर्मचारियों ने 9 फरवरी को धरना दिया था। उसके एक सप्ताह बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। यूनियन ने परिवहन विभाग के जीएम को नोटिस देकर 10 दिन में उनकी मांगों को पूरा करने का समय दिया है। अगर उसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं किया तो 19-20 फरवरी की बजाय 26-27 फरवरी को धरना दिया जाएगा। बैठक का संचालन डिपो सचिव नवीन राणा किया। बैठक में पूर्व प्रदेश महासचिव धर्मबीर हुड्डा, राज्य कोषाध्यक्ष राजपाल, राजसिंह कटारिया, प्रमोद मलिक, अमित दहिया, बलजीत कादियान, राजेंद्र मलिक, कुलदीप मलिक आदि मौजूद रहे।