सुभाष स्टेडियम में खिलाड़ियों को मिली पहली शूटिंग रेंज, मंत्री ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सुभाष स्टेडियम में 40 लाख की लागत से निर्मित शूटिंग रेंज का मंत्री कविता जैन ने उदघाटन किया। कार्यक्रम में कविता जैन ने कहा कि नगर निगम की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानकों को ध्यान में रखकर शूटिंग रेंज को तैयार किया है। अब खिलाडिय़ों को दिल्ली व अन्य स्थानों पर शूटिंग रिहर्सल करने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें जिला स्तर पर ही शूटिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई है।
मंत्री कविता जैन ने कहा कि अब यहां इंटरनेशनल तक के खिलाड़ी रिहर्सल कर सकते हैं और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने में भी कामयाब होंगे। यहां पर ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा, इसके लिए सरकार की ओर सुभाष स्टेडियम में कोच की भी नियुक्ति कर दी गई है।
सरकारी कोच अनीता ने बताया कि 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल रेंज बनकर तैयार हो चुकी है। और 30 से 40 बच्चे प्रतिदिन यहां प्रैक्टिस कर सकेंगे। यहां अब ओलंपिक खेलों के लिए भी खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। इस दौरान जिला खेल अधिकारी सुखबीर बल्हारा व नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।