अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/खरखौदा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आयुर्वेद का मतलब आयु बढ़ाने वाला वेद है और इस पद्धति से बीमारी जड़ से खत्म हो जाती है। प्रदेश सरकार आयुर्वेदिक, ऐलोपैथी, यूनानी, प्राकृतिक व होम्योपैथी चिकित्सा पर काफी काम कर रही है। सीएम वीरवार को झरोठ गांव में केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल की पुस्तैनी हवेली में लाला खेमचंद चरती लाल गोयल राजकीय आयुर्वेदिक औषद्यालय का शिलान्यास करने पहुंचे थे।
सीएम मनोहर लाल ने शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयुर्वेदिक औषद्यालय इस गांव के साथ ही आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने अपनी पुस्तैनी हवेली और दुकान को क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया है। इसलिए हवेली में आयुर्वेदिक औषद्यालय के साथ ही संग्रहालय या पुस्तकालय खोला जाएगा।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए पंचकूला में 20 एकड़ भूमि पर आयुर्वेद का एम्स खोला जाएगा। कुरुक्षेत्र के श्रीकृष्णा आयुर्वेद कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया है। नूंह में राजकीय यूनानी कॉलेज एवं हॉस्पिटल बनाया गया है। नारनौल में पटीकरा गांव में आयुर्वेद कॉलेज की बिल्डिंग बनकर तैयार है और अगले साल उसे शुरू कर दिया जाएगा। झज्जर में सेंट्रल काउंसिल ऑफ योगा एंड नैचुरोपैथी की ओर से प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जा रहा है। फरीदाबाद में 120 बिस्तर का एक अस्पताल और उसके साथ ही राष्ट्रीय यूनानी रिसर्च अनुसंधान भी बनने जा रहा है।
सीएम ने इस दौरान गांव की दोनों पंचायतों आनंदपुर व झरोठ की सभी 14 मांगों को पूरा करते हुए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने लोगों से कहा कि सोनीपत के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके साथ ही केएमपी को क्षेत्र के लिए वरदान बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होंगे, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
--
केंद्रीय मंत्री ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उनका जन्म आनंदपुर झरोठ गांव में हुआ। यहां उनके दादा व्यापार करते थे और उसके बाद उनके पिता दिल्ली में रहने लगे थे। दिल्ली में वह कई अहम पदों पर रहे, लेकिन गांव से उनकी यादें जुड़ी हुई हैं। इसलिए अपनी पुस्तैनी हवेली में आयुर्वेदिक औषद्यालय खोलने की मांग की थी और सीएम ने उसे स्वीकार भी कर लिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीएम मनोहर लाल व केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार लगातार लोगों के हित में काम कर रही है। वहां ग्रामीणों ने सीएम व अन्य अतिथियों का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कविता जैन, सांसद रमेश कौशिक, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की चेयरमैन कृष्णा गहलावत, रामचंद्र जांगड़ा आदि मौजूद रहे।
--
सीएम ने बढ़खालसा में किया कुशाली की प्रतिमा का अनावरण
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बढ़खालसा मैमोरियल में महाबलिदानी कुशाल सिंह दहिया (कुशाली) की प्रतिमा का अनावरण किया। वहां सीएम ने कहा कि कुशाल सिंह की कुर्बानी से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कुशाल सिंह ने गुरु तेग बहादुर के सिर को आनंदपुर साहिब तक पहुंचवाने के लिए अपना सिर कटवा दिया था, जिससे औरंगजेब की सेना धोखा खा सके। क्योंकि कुशाल सिंह की शक्ल गुरु तेग बहादुर से मिलती थी और गुरु तेग बहादुर के वध के बाद उनके शीश को आनंदपुर साहिब लेकर जाना मुश्किल हो रहा था। इस तरह सीएम ने कुशाल सिंह की पूरी कहानी लोगों के सामने रखी। सीएम ने कहा कि आजादी से पहले देश के लिए मरना सीखो का नारा दिया जाता था, लेकिन अब देश के लिए जीना सीखो का नारा दिया जाना चाहिए। वहां सीएम ने बढ़खालसा के ग्रामीणों की जमीन के मामले का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया, जिससे स्टांप ड्यूटी से संबंधित पेंच को दूर किया जा सके। इस दौरान वीरेंद्र बढ़खालसा, निशांत छौक्कर, पार्षद नंदकिशोर चौहान आदि मौजूद रहे।
प्रद्युम्न हत्याकांड के गलत खुलासे पर नहीं बोले सीएम
गुरुग्राम के रयान स्कूल में प्रद्युम्न हत्याकांड मामले में सीबीआई के खुलासे के बाद प्रदेश की पुलिस सवालों के घेरे में आई हुई है। क्योंकि पुलिस ने जल्दबाजी में फर्जी खुलासा करके बस चालक को जेल भेज दिया था। इस मामले के खुलासे के बाद पहली बार सीएम मनोहर लाल खट्टर से इसपर उनकी प्रतिक्रिया जानी गई तो उन्होंने इसपर कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर दिया। सीएम ने कहा कि उनसे आयुर्वेदिक औषद्यालय के बारे में बात की जाए, क्योंकि वह उसके लिए ही यहां आए हैं।