अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना (सोनीपत)।
शहर के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही लोगों की समस्या का जल्द समाधान करने के उद्देश्य से सोनीपत रोड कोर्ट परिसर चौकी को थाने में बदलने का फैसला लिया गया है। फिलहाल कोर्ट परिसर में ही उपरी मंजिल पर बने कमरे ही थाना के लिए दिए जाएंगे। जबकि बाद में जमीन का अधिग्रहण कर नया थाना भवन बनाया जाएगा।
क्षेत्र में बढ़ते अपराध को काबू करने व लोगों को बेहतर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए सरकार अब शहर थाना के साथ कोर्ट परिसर चौकी को भी थाना बनाने जा रही है। इस चौकी का स्टाफ बढ़ाया जाएगा, जिसे थाने के स्टाफ के बराबर किया जाएगा। एसपी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को सरकार की ओर से मंजूरी मिल गई है। अधिकारियों की मानें तो 15 अगस्त से पहले यहां थाना बना दिया जाएगा। पुलिस चौकी के अलावा कोर्ट परिसर में ऊपरी मंजिल पर बने कमरों में थाना चलाया जाएगा। इसके लिए भी सरकार से मंजूरी ली जा रही है।
शहर का बाहरी हिस्सा व गांव नए थाने में आएंगे
कोर्ट परिसर नया थाना बनने के बाद शहर का बाहरी हिस्सा व आसपास के गांव गढ़ी उजाले खां, गढ़ी सराए नामदार खां व गुढ़ा गांवों को नए थाने में शामिल करने की योजना है। इनमें से काफी एरिया पहले ही चौकी के तहत आता है। थाना बनने के बाद इन क्षेत्रों का काम नए थाने में होगा। नया थाना बनने के बाद शहर थाना में काम का बोझ कम हो जाएगा। वहीं समता चौकी भी नए थाने में शामिल की जाएगी।
नया थाना बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुरक्षा मिलने के साथ ही अपराध पर भी अंकुश लगेगा। कोर्ट परिसर में थाना बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए एसपी की ओर पत्र-व्यवहार हो रहा है। कोर्ट परिसर की प्रथम मंजिल पर थाना बनाया जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। प्रशासन ने इस प्रस्ताव को सरकार के पास भेज दिया है।
- अजय कुमार, एसडीएम गोहाना
थाने में बदलेगी कोर्ट परिसर चौकी, जल्द शुरू होगा काम
कोर्ट परिसर के सामने जमीन का अधिग्रहण कर होगा थाने का निर्माण