अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
नेशनल हाईवे पर बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कैंटर की कार से टक्कर हो गई। इससे कार पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही कार चालक ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में कार सवार चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
ग्वालियर निवासी गिरिराज ने पुलिस को शिकायत दी कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। वह अपने परिवार के साथ अमृतसर से वापस ग्वालियर के लिए निकला था। इनोवा कार को अरविंद चला रहा था। वह बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर ने इनोवा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद गाड़ी पलट गई, जिससे गिरीराज खुद, उसकी पत्नी शिबा, बेटी मनीषा, अरविंद, चालक रामबीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय रामबीर ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मनीषा को रोहतक पीजीआई रेफर किया, जहां से उसे परिजन गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ले गए। पुलिस ने रामबीर के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
कैंटर की टक्कर से पलटी कार, चालक की मौत
बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा, चार घायल