सोनीपत। गेहूं की पहली सिंचाई के बाद खाद का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को 5,924 मीट्रिक टन यूरिया पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि 48 घंटे के भीतर जिले के विभिन्न अधिकृत विक्रेताओं को यूरिया वितरित की जाएगी। वहां से किसान खाद प्राप्त कर सकेंगे।
सोनीपत में रबी सीजन के दौरान करीब 1.45 लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती की जाती है। इसके अलावा सरसों सहित विभिन्न सब्जियाें की बुवाई भी की गई है। सिंचाई के बाद खाद की जरूरत होती है। कृषि विभाग ने मुख्यालय पत्र भेजकर यूरिया की मांग की थी। बुधवार को रेलवे स्टेशन पर एक साथ इफको व चंबल कंपनी का रैक पहुंचा। चंबल कंपनी का 2,549 एमटी यूरिया पहुंची है।
इसमें से 1516.50 एमटी यूरिया सोनीपत के किसानों को उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं, 1032.75 एमटी यूरिया गोहाना उपमंडल भेजी जाएगी। इफको कंपनी की 3,150 एमटी यूरिया सोनीपत पहुंची है। अगले दो से तीन दिन में आईपीएल कंपनी की भी करीब 225 एमटी यूरिया सोनीपत पहुंचेगी।
किसानों को रबी सीजन में खाद की किल्लत नहीं होगी। कृषि विभाग के पास पर्याप्त खाद का भंडारण उपलब्ध है। किसान मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर खाद प्राप्त कर सकते हैं। -डॉ. पवन शर्मा, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत।