संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले के महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (पीजी) में दाखिले की प्रक्रिया के पहले चरण में अपेक्षा के अनुरूप सीटें नहीं भर पाईं। शनिवार को पहली मेरिट सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के लिए फीस जमा कराने का अंतिम दिन था। रक्षाबंधन पर्व के कारण उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक दिन का अतिरिक्त अवसर दिया था।
इसके बावजूद, जिले के महाविद्यालयों में पीजी की केवल 40 से 45 फीसदी सीटें ही भर पाईं। 55 से 60 फीसदी सीटें अभी भी रिक्त हैं। पहले चरण के अंतिम दिन भी महाविद्यालयों में फीस जमा कराने वाले विद्यार्थियों की खास भीड़ नहीं दिखी। कॉलेजों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए थे लेकिन दाखिलों की रफ्तार धीमी रही।
कम दाखिलों को देखते हुए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने 30 अगस्त से पोर्टल दोबारा खोलने के निर्देश दिए हैं। पोर्टल रविवार को री-ओपन होने के बाद सोमवार से विद्यार्थी दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। ओपन काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को नियमानुसार जुर्माने के साथ दाखिला लेने का अवसर मिलेगा। निदेशालय ने फीस जमा करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प दिए हैं। हालांकि, बाद में महाविद्यालय पहुंचकर दस्तावेज का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
वर्जन
उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से पीजी में दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची के आधार पर दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पहली मेरिट सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को फीस जमा कराने के लिए 29 अगस्त तक का समय दिया गया था। वंचित विद्यार्थियों को दूसरे चरण की काउंसिलिंग में दाखिले का अवसर मिलेगा। रविवार को पोर्टल फिर से री-ओपन हो जाएगा।-डॉ. किरण सरोहा, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय