फोटो 13: सोनीपत के गांव सिसाना-2 में प्रॉपर्टी डीलर के घर में अलमारी का तोड़ा गया लॉकर। स्रोत:
खरखौदा। गांव सिसाना-2 स्थित प्रॉपर्टी डीलर के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर वहां से 5.40 लाख रुपये की नकदी और 20 तोले सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर पीड़ित घर पहुंचे और अंदर जांच करने पर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने खरखौदा थाना पुलिस को मामले की शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव सिसाना-2 निवासी मंदीप ने बताया कि वह सोनीपत में प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का काम करता है। इसी सिलसिले में वह दिल्ली गए हुए थे। उनकी मां भी घर पर ताला लगाकर उनके मामा के घर हरसाना चली गई थी। मंदीप का कहना है कि पड़ोसियों ने उन्हें कॉल कर बताया कि उनके घर के मेन गेट पर लगा ताला टूटा हुआ है। सूचना पाकर वह दिल्ली से घर लौटे। जांच करने पर उन्होंने पाया कि चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ने के साथ कमरे के दरवाजे पर लगा ताला, सीढ़ियों के दरवाजे पर लगा ताला व ऊपर बने कमरे पर लगा ताला भी तोड़ा हुआ है। कमरे में रखे बिस्तर को खोलकर खंगाला गया है। वहीं, अलमारी के लाॅकर को तोड़ दिया गया है। इसमें से चोर 5.40 लाख रुपये और 20 तोले सोने व चांदी के जेवर भी चुरा ले गए हैं। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की है।
वारदात की रात गांव में एक दूसरी जगह पर घर में घुसकर चोरी की कोशिश हुई, लेकिन चोर एक खाली कमरे में घुस गया। गली में लगे सीसीटीवी की फुटेज में एक संदिग्ध बाइक चालक दिखाई दिया है। उन्हें संदेह है कि उसी ने उनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उसने पुलिस को भी यह फुटेज दिखाई है।