अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल को स्थायी वीसी मिल गए हैं। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने टीआईटीएस (टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंस) भिवानी के डायरेक्टर प्रो. राजेंद्र अनायत को वीसी बनाने के आदेश जारी किए हैं। इस तरह मुरथल यूनिवर्सिटी के वीसी का अभी तक कार्यभार संभाल रहे प्रो. टंकेश्वर कुमार के पास अब केवल जीजेयू हिसार की जिम्मेदारी होगी। नए वीसी वीरवार से कार्यभार संभाल सकते हैं।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल के वीसी का अतिरिक्त कार्यभार अभी तक जीजेयू हिसार के वीसी प्रो. टंकेश्वर कुमार के पास था। अब राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने टीआईटीएस भिवानी के डायरेक्टर प्रो. राजेंद्र अनायत को यूनिवर्सिटी का स्थायी वीसी नियुक्त किया है। प्रो. राजेंद्र अनायत पहले भी कई शिक्षण संस्थानों में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वह केरल सरकार में कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं और जीजेयू हिसार में एकेडमी परिषद के गवर्नर के नामित सदस्य हैं। इसके अलावा वह चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी की वित्त समिति व योजना बोर्ड के सदस्य हैं। साथ ही वह प्रदेश की अन्य कई यूनिवर्सिटी में कमेटियों के सदस्य व अध्यक्ष हैं। प्रो. अनायत के स्थायी वीसी बनाए जाने के बाद यूनिवर्सिटी में चल रही वीसी और रजिस्ट्रार की खींचतान भी खत्म होती दिख रही है। यूनिवर्सिटी में वीसी प्रो. टंकेश्वर कुमार व रजिस्ट्रार केपी सिंह के बीच खींचतान खुलकर कई बार सामने आ चुकी थी।
मुरथल यूनिवर्सिटी के स्थायी वीसी होंगे प्रो. राजेंद्र अनायत
टीआईटीएस भिवानी के डायरेक्टर को राज्यपाल ने नियुक्त किया वीसी, कल संभाल सकते हैं जिम्मेदारी
अस्थायी वीसी प्रो. टंकेश्वर कुमार और रजिस्ट्रार केपी सिंह के बीच काफी समय से चल रही थी खींचतान