संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नगर निगम चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने अभेद सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। यहां पर 500 पुलिस कर्मचारी लगाए गए हैं। डीसीपी कुशल पाल सिंह को ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।
मतगणना केंद्र के आसपास पांच विशेष नाके स्थापित किए गए हैं। यहां से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की सघन जांच की जाएगी। इसके साथ ही बाहरी क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग भी की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना केंद्र के बाहर भीड़ जुटाने पर रोक
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मतगणना केंद्र के बाहर किसी प्रकार की भीड़ एकत्रित न करें। मतगणना राउंड वाइज और पूरी पारदर्शिता के साथ करवाई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
500 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू
डीसीपी ने बताया कि मतगणना केंद्र की 500 मीटर परिधि में धारा 163 लागू कर दी गई है। इस क्षेत्र में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा कारणों से लाइटर, माचिस, सिगरेट, ब्लेड, चाकू, किसी भी प्रकार के तरल केमिकल, मोबाइल फोन, वायरलेस सेट, वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बेल्ट, पेन और पेंसिल तक ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
चार पार्किंग स्थल भी बनाए
मतगणना प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने चार अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिस प्रकार चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, उसी प्रकार मतगणना भी व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से करवाई जाएगी।
गेट पर कड़ी सुरक्षा, बाहर लगातार पेट्रोलिंग
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि मतगणना केंद्र के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें गेट पर सघन जांच करेंगी, जबकि केंद्र के बाहर लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने नहीं दी जाएगी।