सोनीपत। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरकेवीवाई योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए आवेदन मांगे हैं। इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत व्यक्तिगत लाभार्थी किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 फीसदी या सरकार की ओर से निर्धारित अधिकतम सीमा तक, जो भी कम हो, अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। योजना के तहत सुपर सीडर, सुपर एसएमएस, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, एमबी प्लो, जीरो टिल, सरफेस सीडर, क्रॉप रीपर, स्ट्रॉ बेलर, स्ट्रॉ रेक एवं श्रब मास्टर/रोटरी स्लेशर जैसे कृषि यंत्र अनुदान पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि एक किसान केवल एक कृषि यंत्र के लिए आवेदन कर सकता है। अनुदान भी चयन उपरांत केवल एक मशीन पर ही दिया जाएगा। प्रत्येक परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) पर केवल एक आवेदन ही स्वीकार किया जाएगा।किसान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की वेबसाइट https://www.agriharyana.gov.in पर मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद