पीएनबी बैंक सुरंग कांड मामले में गुरुवार को पुलिस ने रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी सतीश के गांव स्थित कटवाल के पशु बाड़े से 5.975 किलोग्राम सोने और चांदी के गहने बरामद कर लिए। पुलिस अब तक कुल 49.885 किलो गहने बरामद कर चुकी है।
बुधवार को सुरंग कांड के आरोपी सतीश कुमार, बलराज उर्फ बल्लू और सुरेंद्र उर्फ डाक्टर को तीसरी बार 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। ये तीनों आरोपी गांव कटवाल के रहने वाले हैं।
बृहस्पतिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तहसीलदार श्यामलाल, डीएसपी राजीव देशवाल तथा लॉकर पीड़ित कमेटी के डॉ. प्रकाश बल शर्मा, सुनील वर्मा, संदीप कालड़ा और सुरेश गिरधर के सामने सतीश के पशुबाड़े की तलाशी ली गई। पुलिस ने सतीश की निशानदेही पर घेर से 5.975 किलोग्राम गहने बरामद किए।
पुलिस अब तक आरोपियों से कुल 49.885 किलो गहने, 3.35 लाख रुपए नकद, एक अवैध पिस्तौल और 2 कारतूस बरामद कर चुकी है। पुलिस अब तक कुल 8 आरोपियाें को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से 2 जहां जेल में हैं वहीं 6 आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर ले रखा है। उधर, आरोपी सतीश की मां ने कहा कि पुलिस उनके बेटे को प्रताड़ित कर रही है, लेकिन सुरंग वाले घर का मकान मालिक और मामले का मास्टरमाइंड मृतक महिपाल भनवाला के परिजनों से पूछताछ तक नहीं की जा रही है। जबकि उसके बेटे ने पुलिस को बताया है कि चोरी का आधा सोना और चांदी के गहने मृतक महिपाल के पास थे।