फोटो :15: सोनीपत में सीआईए कुंडली की टीम की गिरफ्त में मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी। स्रोत पुलिस
सोनीपत। मादक पदार्थ तस्करी पर लगाम कसते हुए क्राइम यूनिट कुंडली ने कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को भारी मात्रा में चरस सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से 4 किलो 527 ग्राम चरस बरामद की गई है।
एसीपी अजीत सिंह ने पत्रकारों को बताया कि क्राइम यूनिट कुंडली के सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में जींद-गोहाना रोड पर गांव नूरनखेड़ा के पास मौजूद थी। टीम को सूचना मिली कि दो युवक गाड़ी में गांव गंगाना से ईशापुर खेड़ी की ओर चरस की सप्लाई के लिए निकलने वाले हैं।
पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और ईशापुर खेड़ी रोड पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस को एक गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वापस मोड़ने की कोशिश की। तत्परता दिखाते हुए टीम ने गाड़ी को घेरकर काबू कर लिया।
तलाशी में मिली साढ़े चार किलो से अधिक चरस : गाड़ी की तलाशी लेने पर चालक के साथ बैठे युवक की गोद में रखी सफेद-नीली रंग की थैली से बत्तीनुमा चरस बरामद हुई। आरोपी हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के गांव जलेर निवासी गुलाब और गांव बाड़ीदार निवासी प्रकाश हैं। प्रकाश गाड़ी चला रहा था। इस संबंध में थाना बरोदा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।