सोनीपत। खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई में 29 मार्च को प्रवेश परीक्षा करवाई गई। कक्षा 5, 6, 8, 9 व 11वीं के लिए हुई लिखित प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
15 फरवरी से 17 फरवरी तक शारीरिक मापदंड परीक्षा में 1302 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें 29 मार्च को हुई लिखित परीक्षा में सिर्फ 442 अभ्यर्थी ही बन सके। इस बार परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कुलपति अशोक कुमार व प्राचार्य एवं निदेशक रामधारी शर्मा के निर्देश पर पहली बार सभी प्रश्नपत्र भिवानी बोर्ड से तैयार करवाए गए थे। इस पहल का उद्देश्य चयन प्रक्रिया में पूरी निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना रहा।
विज्ञापन
प्रश्नपत्रों की कोडिंग का कार्य भी सावधानी पूर्वक किया गया। यह जिम्मेदारी प्राचार्य एवं निदेशक रामधारी शर्मा ने अपनी देखरेख में पूरी करवाई, जिससे गोपनीयता और पारदर्शिता दोनों बनी रहे।
कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना व चयन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना भी है। विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की पारदर्शी प्रक्रियाओं को अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।