- बिना अनुमति निर्माण या भूमि उपयोग बदलने पर तीन साल तक की कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गन्नौर क्षेत्र में अनियोजित निर्माण और भूमि उपयोग में बदलाव पर रोक लगाने के लिए नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग ने आसपास के 44 राजस्व गांवों को नियंत्रित क्षेत्र (अतिरिक्त गन्नौर-3) घोषित किया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
जिला नगर योजनाकार आरटी शर्मा ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में शामिल गांवों में बली कुतुबपुर, आहुलाना, मुनक माजरी, अटायल, भौरा रसूलपुर, जफरपुर, गढ़ी झंझारा, खेड़ी गुज्जर, खिजरपुर अहीरपुर, जलालाबाद, मायना, शेखपुरा, पुरखास धीरान, पुरखास राठी, भांवर, शमसपुर, सैंया खेड़ा, माहरा, डबरपुर, सिटावली, कैलाना, माजरी, मोई, मोहम्मदपुर माजरा, तेवड़ी, सरढ़ाना, पुगथला, बजाना खुर्द, बजाना कलां, कासंडी, कासंडा, सरगथल, दोदवा, पिनाना, सलारपुर माजरा, नैना ततारपुर, जुआं, सलीमपुर ट्राली, चटिया देवा, रहमाणा, रोलद लतीफपुर, भादी, दुभेटा और बोहला शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नया निर्माण करने, मौजूदा निर्माण में बदलाव करने या भूमि का उपयोग बदलने से पहले नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग के निदेशक से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति ऐसा करने पर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर तीन साल तक की कठोर कैद, 50 हजार रुपये तक जुर्माना या दोनों सजाओं का प्रावधान है। इसके अलावा एफआईआर दर्ज करवाने और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
डीटीपी ने भू-स्वामियों और क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने या भूमि का उपयोग बदलने से पहले विभाग से नियमों की जानकारी लेकर आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।