पहले दिन खूब चली नकल, 25 नकलची छात्र पकड़े, एसडीएम ने चार को नकल कराते दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/गोहाना/गन्नौर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से पहले तक प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी नकल रहित परीक्षा करवाने का दावा कर रहे थे लेकिन परीक्षा के पहले दिन यह दावा पूरी तरह से हवाई साबित हुआ। पहले ही दिन अधिकतर केंद्रों पर खूब नकल चली। किसी ने दीवार से कूदकर केंद्र में नकल पकड़ाई तो किसी ने खिड़की से अंदर पर्चियां पहुंचा दी। इस कारण ही फ्लाइंग टीमों ने जिले में 25 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा और उनकी यूएमसी बना दी गई। वहीं गोहाना में एक स्कूल में नकल पहुंचाने के लिए दीवार तोड़ दी गई तो वहां मोबाइल से पेपर का फोटो खींचकर लाने के बाद बाहर से पर्ची पहुंचाई गई। गन्नौर में नकल कराते हुए चार युवकों को एसडीएम ने पुलिस के हवाले किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, ओपन व री-अपीयर वालों की वीरवार से परीक्षा शुरू हो गई और पहले दिन 12वीं के परीक्षार्थियों का अंग्रेजी का पेपर था। परीक्षा कराने के लिए जिले में 103 केंद्र बनाए गए और उन पर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से रखी गई है। परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए काफी समय पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे, जहां कुछ परीक्षार्थियों को सीट ढूंढने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद जब पेपर शुरू हुआ तो अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर लोग अपनों को किसी तरह नकल कराने की जुगत में लग गए। युवाओं ने केंद्रों की दीवार पर चढ़कर अंदर परीक्षार्थियों को नकल थमा दी तो दीवार पर नहीं चढ़ पाने वालों ने खिड़की से पर्चियां अंदर पहुंचा दी। इस तरह जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर खुलकर नकल चली और शहरों के केंद्र भी नकल से नहीं बच सके। वहीं पहले दिन 2 हजार से ज्यादा ने परीक्षा छोड़ दी, जिनका पूरा डाटा बोर्ड को भेजा गया है।
जिलेभर में 16 नकलची पकड़े, यूएमसी बनाई
परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए कई प्रशासनिक, शिक्षा विभाग व पुलिस की फ्लाइंग टीमें बनाई गई थी और यह टीमें केंद्रों पर लगातार छापेमारी करती रही। जिस तरह बाहर से अंदर नकल करने के लिए पर्चियां जा रही थी, उस कारण ही टीमों ने जिले में 25 को नकल करते हुए दबोच लिया और उनकी यूएमसी बना दी गई। इसके अलावा चेतावनी दी गई कि किसी भी केंद्र में अव्यवस्था मिलती है तो वहां के केंद्र अधीक्षक के साथ ही स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गोहाना में नकल कराने को तोड़ी दीवार, मोबाइल से खींचे पेपर के फोटो
गोहाना में परीक्षा केंद्रों पर सबसे ज्यादा अव्यवस्था फैली रही। वहां पेपर शुरू होते ही युवक दीवारों पर चढ़ गए और स्कूल के अंदर खिड़कियों से नकल की पर्ची डालने लगे। इस कारण स्कूल की दीवारों पर युवकों की भीड़ लगी रही। वहां के आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दीवार भी युवकों ने तोड़ डाली, जिससे अंदर जाने का रास्ता बन सके। वहां से युवक अंदर गए और खिड़की के बाहर जाकर पेपर का फोटो खींच लिया। उसके बाद बाहर आकर उस पेपर के आधार अंदर नकल की पर्ची पकड़ाई गई। इस तरह से वहां नकल चलती रही और शिक्षा व प्रशासनिक विभाग के अधिकारी उस पर लगाम नहीं लगा सके।
गन्नौर में नकल कराते चार पकड़े
एसडीएम सुरेंद्रपाल खुद भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पुगथला व कैलाना में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर दो छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा। इसके अलावा पुगथला, गन्नौर व कैलाना में निरीक्षण के दौरान चार युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया जो वहां नकल की पर्ची अंदर पहुंचा रहे थे। उन्होंने शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि वह नकल रहित परीक्षाएं कराएं।
पहले दिन 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर टीमों ने लगातार छापेमारी की और जिले में पहले दिन 25 को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिनकी यूएमसी बना दी गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी हालत में नकल नहीं होने दी जाएगी।
-जिले सिंह, डीईओ।